सर्दी का मौसम आते ही हर दूसरे घर में खांसी, जुकाम और बलगम की समस्या आम हो जाती है। गला भारी, छाती में जमाव और नाक बंद रहना कई बार इतनी दिक्कत पैदा करता है कि दिनभर थकान महसूस होती है। लेकिन क्या आपको पता है कि इसका एक बड़ा कारण आपकी डाइट भी हो सकती है?
पोषण विशेषज्ञ किरण कुकरेजा कहती हैं कि सर्दियों में कुछ खाने-पीने की चीजें ऐसी होती हैं, जो शरीर में कफ को बढ़ा देती हैं। यानी जितना ज़्यादा आप इन्हें खाते हैं, उतनी ज़्यादा परेशानी होती है। तो अगर आप बार-बार बीमार पड़ रहे हैं, तो इन 4 चीजों से इस मौसम में दूरी बना लीजिए।
सत्तू ड्रिंक
सत्तू गर्मियों में शरीर को ठंडक देने के लिए बेस्ट माना जाता है। लेकिन यही बात सर्दियों में नुकसान पहुंचा सकती है। सत्तू का स्वभाव ठंडा होता है, जो शरीर का अंदरूनी तापमान कम कर देता है। अगर ठंड के मौसम में आप इसे रोज पी रहे हैं, तो कफ जमा होना या गले में खराश जैसी समस्या जल्दी बढ़ सकती है।
सौंफ का पानी
सौंफ आमतौर पर पाचन के लिए बहुत अच्छी होती है, लेकिन इसका असर ठंडा होता है। कई लोग इसे सौंफ पानी के रूप में पीते हैं, जो गर्मी के मौसम में फायदेमंद है, लेकिन सर्दियों में नहीं। इसका ज्यादा सेवन करने से कफ दोष बढ़ सकता है, जिससे बलगम और सर्दी-जुकाम की समस्या बार-बार हो सकती है।
दही और केला
कई लोग सुबह-सुबह हेल्दी स्मूदी पीने के शौकीन होते हैं, जिसमें दही और केला दोनों शामिल होते हैं। लेकिन ठंड के मौसम में यह कॉम्बिनेशन नुकसानदायक साबित हो सकता है। दोनों चीजों की तासीर ठंडी होती है, जो गले में कफ जमा करती हैं। इसका असर न सिर्फ आवाज़ पर पड़ता है बल्कि छाती में जमाव और सांस लेने में परेशानी भी पैदा करता है।
नारियल पानी
नारियल पानी को हेल्थ ड्रिंक कहा जाता है, लेकिन ठंड के मौसम में इसका ठंडापन शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है। इसका असर लंबे समय तक रहता है, जिससे शरीर का तापमान नीचे जाता है और सर्दी, जुकाम या साइनस की समस्या बढ़ सकती है।
सर्दियों में क्या खाएं?
- हल्दी वाला दूध
- अदरक या तुलसी की चाय
- शहद और गुनगुना पानी
- गुड़ और घी से बनी चीजें
बड़ी राहत
याद रखिए जो चीजें गर्मियों में फायदेमंद होती हैं, वो सर्दियों में नुकसान कर सकती हैं। इसलिए मौसम के हिसाब से डाइट में बदलाव जरूरी है। ठंडी तासीर वाली चीजों को सीमित करें, ताकि खांसी-जुकाम की समस्या आपके दरवाजे तक न पहुंचे।
Read More: फिर मुश्किल में फंसी अमीषा पटेल, 2 लाख के चेक बाउंस केस में 9 जनवरी को कोर्ट में होंगी पेश







