Home » पश्चिम बंगाल » बंगाली देशी शराब पीने से फ्रांस का युवक हुआ बेकाबू, कामाख्यागुड़ी में मचा हंगामा

बंगाली देशी शराब पीने से फ्रांस का युवक हुआ बेकाबू, कामाख्यागुड़ी में मचा हंगामा

अलीपुरद्वार

Alipurduar News: अलीपुरद्वार जिले के कामाख्यागुड़ी इलाके में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब फ्रांस का एक युवक बंगाली देशी शराब का सेवन करने के बाद बेकाबू हालत में सड़क पर हंगामा करने लगा। युवक की हालत इतनी खराब हो गई कि आखिरकार पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और उसे जिला अस्पताल भेजा गया।

अंग्रेजी में गाली-गलौज करने लगा युवक

जानकारी के अनुसार, फ्रांस का 45 वर्षीय नागरिक ऑस्टाव शुक्रवार को तूफानगंज घूमने के दौरान अलीपुरद्वार जिले के बारविशा इलाके में पहुंचा था। वहां उसने अपनी मर्जी से स्थानीय कुछ युवकों के साथ शराब पीना शुरू कर दिया। इसी दौरान उसने बंगाली देशी शराब का सेवन किया, जिसे वह मजाकिया अंदाज में “इंडियन वोडका” कह रहा था। लेकिन कुछ ही देर में शराब का असर उस पर हावी हो गया और उसकी तबीयत बिगड़ने लगी।

नशे की हालत में ऑस्टाव बारविशा से निकलकर इधर-उधर भटकता हुआ कामाख्यागुड़ी इलाके में पहुंच गया। कभी वह सड़क पर लेट जाता, तो कभी अचानक उठकर बैठते ही जोर-जोर से अंग्रेजी में गाली-गलौज करने लगता। उसका व्यवहार पूरी तरह से एक पक्के शराबी जैसा हो गया था। विदेशी युवक की इस हालत को देखकर आसपास के लोग हैरान रह गए और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

Alipurduar News: पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

कई स्थानीय लोगों ने उसकी मदद करने की कोशिश की, लेकिन भाषा की समस्या के कारण उससे सही तरीके से बातचीत नहीं हो सकी। स्थिति बिगड़ती देख किसी ने इसकी सूचना कामाख्यागुड़ी फाड़ी की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लिया। हालांकि, अत्यधिक नशे की वजह से युवक को काबू में करने और अस्पताल ले जाने में पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।

आखिरकार एंबुलेंस की मदद से ऑस्टाव को अलीपुरद्वार जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, युवक की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। बताया गया है कि ऑस्टाव 22 नवंबर को सोशल मीडिया के जरिए तूफानगंज निवासी मोंटी के संपर्क में आया था। उसी से मिलने के लिए वह भारत आया था और तभी से तूफानगंज में ही रह रहा था। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच काफी चर्चा का विषय बना हुआ है, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Report By: Pijush 

ये भी पढ़े… मेरठ में दर्दनाक हादसा, बेकाबू ट्रक की चपेट में आई मासूम, मां की गोद से उछलकर गिरी बच्ची ने मौके पर तोड़ा दम