Gopalganj News: गोपालगंज जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल थावे दुर्गा मंदिर से बीती रात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोरों ने मां दुर्गा की प्रतिमा से सोने का मुकुट, हार, छतरी और कई अन्य बेशकीमती आभूषण चुरा लिए। इस घटना की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। मंदिर में हुए इस वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। जबकि स्थानीय श्रद्धालु सदमे में हैं।
पीछे वाले रास्ते से अंदर घुसे चोर
जानकारी के अनुसार, चोरी की घटना बीती रात 11:30 से 12:00 बजे के बीच हुई। दो अज्ञात चोर, जिन्होंने चेहरे पर मास्क लगा रखा था, मंदिर के पीछे वाले रास्ते से सीढ़ी लगाकर मंदिर के अंदर घुसे। उन्होंने मंदिर के ताले तोड़कर और परिसर में रखे लॉकर को तोड़कर मां दुर्गा की प्रतिमा से सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। चोरों ने चोरी के दौरान किसी को देख लिया तो आसानी से भाग सकें, इसके लिए सावधानी से कदम बढ़ाए। घटना स्थल पर अब भी सुरक्षा के बड़े प्रश्न खड़े हैं।
Gopalganj News: पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
गोपालगंज के एसपी अवधेश दीक्षित ने मामले में बताया कि घटना के तुरंत बाद FSL टीम और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया है। वैज्ञानिक तरीके से सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच के लिए अलग टीम गठित की गई है, ताकि चोरों की पहचान कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जा सके। एसपी का कहना है कि मामले की तीव्रता और संवेदनशीलता को देखते हुए पूरी जांच टीम को सक्रिय कर दिया गया है।
श्रद्धालुओं और स्थानीय जनता में रोष
वहीं मंदिर में चोरी की घटना ने श्रद्धालुओं में गहरा आक्रोश और भय पैदा कर दिया है। श्रद्धालु सवाल कर रहे हैं कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए पहले क्यों कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। स्थानीय दुकानदार राजेश मिश्रा का कहना है कि मंदिर हमारे लिए सिर्फ पूजा का स्थल नहीं, बल्कि हमारी आस्था का केंद्र है। इतनी बड़ी चोरी से हम सभी के मन में डर बैठ गया है।
Report By: SUSHIL SRIVASTAV
ये भी पढ़े… सिवान में नगर पार्षद पर जानलेवा हमला, अपराधियों ने मारी गोली, इलाके में दहशत






