Meteorite Fall: दक्षिण दिनाजपुर में बीती रात उत्तर बंगाल के आसमान में एक अजीब रोशनी देखी गई, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया। इसी बीच दक्षिण दिनाजपुर जिले के हरिरामपुर ब्लॉक में एक रहस्यमय पत्थर मिलने से पूरे इलाके में चर्चा शुरू हो गई। लोगों का कहना है कि यह पत्थर रात में आसमान से गिरा हो सकता है और इसे उल्कापिंड माना जा रहा है।

डर के मारे मौके से भागे प्रत्यक्षदर्शी
स्थानीय जानकारी के अनुसार, हरिरामपुर थाना क्षेत्र के गोकर्ण ग्राम पंचायत के बेजाहार गांव में कुछ युवक रात के समय खेत के पास खड़े होकर मोबाइल पर गेम खेल रहे थे। तभी उन्होंने अचानक आसमान से जलती हुई आग जैसी चीज गिरते हुए देखी। इस नजारे से डरकर सभी युवक वहां से भाग गए।

अगली सुबह उसी खेत से एक अलग तरह का पत्थर मिला। पत्थर का आकार सामान्य पत्थरों से अलग बताया जा रहा है, जिसके बाद लोग इसे उल्कापिंड मान रहे हैं।

Meteorite Fall: जांच के बाद ही होगी सच्चाई की पुष्टि
घटना की खबर मिलते ही हरिरामपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और उस पत्थर को अपने कब्जे में ले लिया। फिलहाल यह साफ नहीं है कि यह वास्तव में उल्कापिंड है या कोई और वस्तु। इसकी सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगी।
Report By: Pijush






