RBI News: अगर आपके घर, बक्से या दुकान में अब भी ₹2000 के नोट रखे हैं, तो उन्हें तलाश लेना जरूरी है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) अब भी इन नोटों को बदलने और जमा करने की सुविधा दे रहा है। उत्तर प्रदेश के दो कार्यालयों समेत देशभर में RBI की कुल 19 शाखाओं में यह प्रक्रिया जारी है।
RBI News: मई 2023 में शुरू हुई थी वापसी की प्रक्रिया
RBI ने 19 मई 2023 को ₹2000 के नोटों को धीरे-धीरे चलन से हटाने की घोषणा की थी। हालांकि, इन नोटों को अवैध नहीं किया गया है और ये आज भी लीगल टेंडर यानी वैध मुद्रा बने हुए हैं। इसके बावजूद, दो साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी करीब 6,000 करोड़ रुपये मूल्य के नोट अब तक वापस नहीं आ सके हैं।
RBI News: 98 फीसदी से ज्यादा नोट लौटे
RBI के अनुसार, 31 अक्टूबर 2025 तक जारी आंकड़ों में ₹2000 के नोटों में से लगभग 98.37 प्रतिशत नोट बैंकिंग सिस्टम में वापस आ चुके हैं। केंद्रीय बैंक ने फिर दोहराया है कि यह नोट अभी भी भुगतान के लिए कानूनी रूप से मान्य हैं। हालांकि नोट वैध हैं, लेकिन अधिकांश बैंक शाखाएं और व्यापारी इन्हें रोजमर्रा के लेन-देन में लेने से बच रहे हैं। ऐसे में इन नोटों को बदलने या खाते में जमा कराने का सबसे सुरक्षित विकल्प RBI के कार्यालय ही हैं।
इन शहरों में उपलब्ध है सुविधा
₹2000 के नोट बदलने/जमा करने की सुविधा RBI के चुनिंदा कार्यालयों में दी जा रही है। इनमें अहमदाबाद, बेंगलुरु, हैदराबाद, जयपुर, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, पटना, नई दिल्ली, चेन्नई सहित अन्य प्रमुख शहर शामिल हैं। गौरतलब है कि पहले सामान्य बैंक शाखाओं में ₹2000 के नोट जमा या बदलने की सुविधा 7 अक्टूबर 2023 तक दी गई थी। इसके बाद यह प्रक्रिया केवल RBI कार्यालयों तक सीमित कर दी गई।
पहचान और बैंक विवरण जरूरी
RBI के मुख्य महाप्रबंधक (CGM) बृजराज द्वारा जारी सर्कुलर में लोगों को सलाह दी गई है कि नोट जमा या बदलने के दौरान पहचान पत्र और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी साथ रखें, ताकि राशि सही तरीके से खाते में जमा हो सके। अगर आपके पास अब भी ₹2000 के नोट हैं, तो देरी न करें। नजदीकी RBI कार्यालय में जाकर उन्हें समय रहते बदलवा या जमा करा लें।
ये भी पढ़ें…अगस्त्य नंदा की ‘इक्कीस’ का फाइनल ट्रेलर रिलीज, जानिए कब होगी सिनेमाघरों में दस्तक






