Bangladesh news: बांग्लादेश में शनिवार को इंक़िलाब मोंचो के संयोजक शरीफ उस्मान हादी को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। उनके नमाज़-ए-जनाज़ा में भारी संख्या में लोग शामिल हुए और दिवंगत नेता के लिए दुआएं की गईं। परिवार की इच्छा के अनुसार, हादी को राष्ट्रीय कवि काजी नज़रुल इस्लाम की कब्र के पास दफनाया गया। सुबह से ही शोक जताने के लिए लोग माणिक मिया एवेन्यू पहुंचने लगे और देखते-देखते संसद भवन के सामने की सड़क लोगों से भर गई।
बांग्लादेश में घोषित हुआ राजकीय शोक
शरीफ उस्मान हादी के अंतिम संस्कार के बाद मुहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार ने शनिवार को पूरे देश में राजकीय शोक दिवस घोषित कर दिया। नमाज़-ए-जनाज़ा के दौरान कई लोग राष्ट्रीय ध्वज ओढ़े नजर आए, जबकि कुछ प्रदर्शनकारी हादी की हत्या के दोषियों को सजा देने की मांग करते हुए नारे लगा रहे थे।
राजकीय शोक के तहत देशभर में राष्ट्रीय ध्वज आधे झुका दिए गए हैं और सभी पूजा स्थलों पर विशेष प्रार्थनाएं की जा रही हैं। राजधानी ढाका में बीते दो दिनों से चल रहे प्रदर्शनों के बाद शनिवार का दिन अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण रहा।
Bangladesh news: संसद भवन और ढाका में कड़ी सुरक्षा
BDNews24 की रिपोर्ट के मुताबिक, नमाज़-ए-जनाज़ा से पहले संसद भवन और ढाका के प्रमुख इलाकों में बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड और पुलिस बल की भारी तैनाती की गई थी। इंक़िलाब मोंचो के निर्देश पर जनाज़े के दौरान केवल बांग्लादेश का राष्ट्रीय ध्वज ही प्रदर्शित किया गया। गौरतलब है कि शरीफ उस्मान हादी ने आगामी चुनाव में ढाका-8 सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। हालांकि, 12 दिसंबर को राजधानी के बिजॉयनगर इलाके में रिक्शा से सफर के दौरान उन्हें बेहद नजदीक से गोली मार दी गई थी। पुलिस के अनुसार, दो हमलावर मोटरसाइकिल पर आए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
हादी की हत्या के बाद बढ़ी अशांति
Bangladesh news: शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद पूरे बांग्लादेश में विरोध-प्रदर्शन और हिंसा की घटनाएं तेज हो गईं, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। नेशनल साइबर सिक्योरिटी एजेंसी ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर हिंसा या आतंकवाद को बढ़ावा देने वाली पोस्ट्स की तुरंत रिपोर्ट करें। BDNews24 के मुताबिक, पोस्ट्स एंड टेलीकम्युनिकेशंस मंत्रालय ने बताया है कि ऐसी आपत्तिजनक सामग्री को व्हाट्सएप और ई-मेल के जरिए रिपोर्ट किया जा सकता है। शुरुआती जांच नेशनल साइबर सिक्योरिटी एजेंसी करेगी, जिसके बाद मामलों को बांग्लादेश टेलीकम्युनिकेशन रेगुलेटरी कमीशन (BTRC) के माध्यम से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स तक भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें: चकेरी एयरपोर्ट पर मधुमक्खियों का हमला, इंडिगो की दिल्ली फ्लाइट डेढ़ घंटे लेट






