Breaking News: भारत के चर्चित ट्रैवल व्लॉगर अनंत मित्तल, जिन्हें लोग ‘ऑन रोड इंडियन’ के नाम से जानते हैं, चीन पहुंचे ही थे कि उनकी यात्रा डरावने अनुभव में बदल गई। एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया और बिना किसी ठोस जानकारी के हिरासत में ले लिया।अनंत के पासपोर्ट पर एक स्टिकर लगाया गया, जिसके बाद अधिकारियों के सिस्टम में अलर्ट एक्टिव हो गया। इसके तुरंत बाद उन्हें अन्य विदेशी नागरिकों के साथ एक कमरे में बैठा दिया गया। करीब दो घंटे तक किसी भी अधिकारी ने उनसे बात नहीं की, जिससे उनका डर और बढ़ता गया।
Breaking News: डिवाइस जब्त, सवालों से घिरी खामोशी
कुछ समय बाद उन्हें एक अलग कमरे में ले जाया गया, जहां उनके मोबाइल फोन और कैमरे जब्त कर लिए गए। अधिकारियों ने किसी तरह की रिकॉर्डिंग की इजाज़त नहीं दी। हालांकि, उनका आईपैड जांच से बच गया, जिससे उन्होंने बाद में अपने अनुभव को रिकॉर्ड किया।
Breaking News: भूख और प्यास में कटे लंबे घंटे
अनंत मित्तल ने बताया कि हिरासत के दौरान उन्हें घंटों तक न खाना मिला और न पानी। कई बार मांगने के बाद सिर्फ एक बार पानी दिया गया, लेकिन भोजन नहीं। लगभग 12–13 घंटे इसी हालत में बीत गए।अनंत मित्तल ने साफ कहा कि उनका किसी राजनीतिक विचारधारा या एजेंडे से कोई संबंध नहीं है।“मैं किसी से नफरत नहीं करता, बस अपनी भावनाएं जाहिर करता हूं। अगर मेरी बातों से किसी को ठेस पहुंची हो, तो मैं माफी चाहता हूं। हम आम लोग हैं, बड़ी ताकतों के सामने बहुत छोटे।”
अरुणाचल से जुड़ा वीडियो बना शक की वजह?
अनंत को धीरे-धीरे एहसास हुआ कि उन्हें शायद अरुणाचल प्रदेश से जुड़े एक वीडियो की वजह से रोका गया है। वे पूर्वोत्तर भारत से गहराई से जुड़े हैं और वहां तीन साल तक पढ़ाई कर चुके हैं। एक अरुणाचल निवासी को चीन में हिरासत में लिए जाने की खबर से वे भावुक हो गए थे और उसी भावनात्मक प्रतिक्रिया में उन्होंने वीडियो साझा किया था।हिरासत के दौरान अनंत को यह डर सताने लगा कि कहीं वे भारत वापस न लौट पाएं। अनिश्चितता, भाषा की बाधा और किसी भी तरह की जानकारी न मिलना, इस अनुभव को और भयावह बना रहा।
Breaking News: रिहाई के बाद भारत वापसी, कहानी सार्वजनिक
करीब 15 घंटे बाद अनंत को रिहा किया गया और वे सुरक्षित भारत लौट आए। इसके बाद उन्होंने अपने साथ हुई पूरी घटना को यूट्यूब और इंस्टाग्राम के ज़रिए लोगों के सामने रखा।उन्होंने स्पष्ट किया कि वीडियो उन्होंने किसी दबाव में नहीं, बल्कि अपने मन की बात के तौर पर बनाया था।
ये भी पढ़ें: क्रिसमस के अवसर पर राष्ट्रपति, पीएम मोदी और अन्य नेताओं ने दी शुभकामनाएं






