Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के जूरन छपरा निवासी और जाने-माने उद्यमी भारतेन्दु शांडिल्य को बिहार राज्य बॉक्सिंग एसोसिएशन का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति के बाद पूरे मुजफ्फरपुर जिले सहित उनके परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है। इस उपलब्धि को न केवल जिले बल्कि पूरे बिहार के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है। आपको बता दें कि भारतेन्दु शांडिल्य की नियुक्ति इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन के महासचिव राकेश ठाकुर द्वारा की गई है। जिन्होंने उन्हें औपचारिक रूप से उपाध्यक्ष पद का दायित्व सौंपा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और सभी ने उन्हें इस नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ दीं।
कौन है भारतेन्दु शांडिल्य?
48 वर्षीय भारतेन्दु शांडिल्य शिक्षा और अनुभव दोनों के क्षेत्र में एक सशक्त पहचान रखते हैं। उन्होंने हैदराबाद स्थित प्रतिष्ठित इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस से शिक्षा प्राप्त की है। इसके साथ ही उन्होंने लंदन स्थित हार्वर्ड यूनिवर्सिटी और एमआईटी से इंटरप्रेन्योर बिजनेस से जुड़े विशेष सर्टिफिकेट कोर्स भी पूरे किए हैं। उनके कार्यों और उपलब्धियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है, जहां आउटलुक और फोर्ब्स जैसी विश्व प्रसिद्ध पत्रिकाओं ने उनके योगदान की सराहना की है।
उनकी नियुक्ति पर परिवार में विशेष उत्साह देखा गया। उनके पिता अरुण कुमार शर्मा, जो मुजफ्फरपुर जिला न्यायालय में वरिष्ठ अधिवक्ता हैं, ने कहा कि उनका बेटा एक बड़ी जिम्मेदारी संभालकर बिहार का नाम रोशन कर रहा है। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि भारतेन्दु बचपन से ही मेधावी रहे हैं और हमेशा समाज व राज्य के लिए कुछ नया करने की सोच रखते हैं।
Muzaffarpur News: बिहार में बॉक्सिंग को मिलेगी नई दिशा
स्थानीय खेल प्रेमियों और बुद्धिजीवियों का मानना है कि भारतेन्दु शांडिल्य के नेतृत्व में बिहार में बॉक्सिंग को नई दिशा और पहचान मिलेगी। उनके अनुभव और प्रबंधन क्षमता से राज्य में खेल संरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। उनके उपाध्यक्ष बनने पर पंकज कुमार, आचार्य डॉ. रंजीत नारायण तिवारी, पंडित विनय पाठक, डॉ. शिप्रा आनंद, अनिमेष कुमार, साकेत कुमार, उत्कर्ष नितेश, डॉ. रवि कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
Report BY: विक्रम कुमार
ये भी पढ़े… खीरी के मोहम्मदी नगर में ‘सड़क के दानवों’ का आतंक, ओवरलोड ट्रकों ने छीना जनता का सुकून






