White House Shooting: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में हर साल होने वाले व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान अचानक फायरिंग की घटना हो गई। यह कार्यक्रम शनिवार शाम को हिल्टन होटल में चल रहा था, जिसमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रम्प, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और कई बड़े अधिकारी मौजूद थे।

होटल के बाहर चली गोलियां, अंदर थे ट्रम्प और मेहमान
न्यूज एजेंसी एपी के अनुसार, हमलावर ने होटल के बॉलरूम के बाहर गोलीबारी की, जबकि राष्ट्रपति और अन्य मेहमान अंदर मौजूद थे। घटना के बाद तुरंत अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। पहले खबर आई थी कि हमलावर को मार गिराया गया है, लेकिन बाद में राष्ट्रपति ट्रम्प ने बताया कि उसे पकड़ लिया गया है।

White House Shooting: ट्रम्प और सुरक्षा एजेंसियों की प्रतिक्रिया
“संविधान पर हमला हुआ” – ट्रम्प
करीब डेढ़ घंटे बाद राष्ट्रपति ट्रम्प ने मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह हमला सिर्फ लोगों पर नहीं बल्कि अमेरिका के संविधान पर भी था। उन्होंने बताया कि सीक्रेट सर्विस ने समय रहते कार्रवाई कर उनकी जान बचाई। ट्रम्प ने सुरक्षाकर्मियों की बहादुरी की भी तारीफ की।

उन्होंने यह भी बताया कि जिस सुरक्षा अधिकारी को गोली लगी थी, वह सुरक्षित है क्योंकि उसने बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी हुई थी। हमलावर के पास एक शक्तिशाली बंदूक थी।
सोशल मीडिया पर दी जानकारी
ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वॉशिंगटन में शाम काफी “हलचल भरी” रही। उन्होंने कहा कि सीक्रेट सर्विस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने तेज और शानदार कार्रवाई की। उनके सुझाव पर कार्यक्रम को जारी रखने की बात भी कही गई।

प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिक्रिया और शांति का संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर राहत जताई कि राष्ट्रपति ट्रम्प, फर्स्ट लेडी और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत सभी लोग सुरक्षित हैं।उन्होंने आगे लिखा, “लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है और इसकी स्पष्ट शब्दों में निंदा की जानी चाहिए।”
White House Shooting: गोलीबारी के दौरान का माहौल
लोग टेबल के नीचे छिपे
जैसे ही गोलीबारी की आवाज आई, कार्यक्रम में मौजूद लोग घबरा गए और टेबल व कुर्सियों के नीचे छिप गए। कुछ ही सेकंड में पूरे हॉल में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

तेज आवाज से मची दहशत – चश्मदीद
रिपोर्टर रीना भारद्वाज के अनुसार, पहले तेज आवाज सुनाई दी जिसे लोग सामान्य समझ रहे थे, लेकिन कुछ ही पल में वेटर और स्टाफ भागते हुए नजर आए। इसके बाद लोगों को समझ आ गया कि यह गंभीर घटना है।
सीएनएन की रिपोर्टर कैटलिन कोलिंस ने बताया कि गोलियों की आवाज के तुरंत बाद एजेंट्स ने पूरे कमरे को घेर लिया और अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कई लोग उस समय भी टेबल के नीचे ही छिपे रहे।

व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट्स डिनर क्या है?
यह एक सालाना कार्यक्रम है, जिसे व्हाइट हाउस को कवर करने वाले पत्रकारों का संगठन आयोजित करता है। इसमें मीडिया और राजनीति से जुड़े लोग शामिल होते हैं। इस दौरान राष्ट्रपति भी मौजूद रहते हैं और अक्सर खुद, मीडिया और विरोधियों पर हल्के-फुल्के मजाक करते हैं।
डोनाल्ड ट्रम्प पिछले साल इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए थे। हालांकि 2011 में वे गेस्ट के तौर पर आए थे, जहां उनके ऊपर तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा ने मजाक किया था। माना जाता है कि उसी घटना के बाद ट्रम्प ने राष्ट्रपति चुनाव लड़ने का फैसला लिया था।
पहले भी ट्रम्प पर हो चुका है हमला
2024 में चुनावी रैली में गोलीबारी
13 जुलाई 2024 को पेंसिल्वेनिया में एक चुनावी रैली के दौरान ट्रम्प पर जानलेवा हमला हुआ था। बटलर शहर में एक हमलावर ने लगभग 400 फीट दूरी से असॉल्ट राइफल से फायरिंग की थी। एक गोली ट्रम्प के दाहिने कान को छूकर निकल गई थी।

सुरक्षा टीम की त्वरित कार्रवाई
घटना के बाद सीक्रेट सर्विस ने तुरंत ट्रम्प को घेर लिया और सुरक्षित बाहर निकाला। उन्हें अस्पताल ले जाया गया और बाद में छुट्टी दे दी गई। उस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने हमलावर को मार गिराया था। उस समय ट्रम्प ने कहा था कि उन्हें “ईश्वर ने बचाया”।
ये भी पढ़े… BJP में शामिल हुए विक्रमजीत साहनी का भगवंत मान को करारा जवाब, बोले- ‘तुम पंजाब के साथ गद्दारी…’








