IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में शनिवार को खेले गए दो हाई-स्कोरिंग मुकाबलों ने टूर्नामेंट को और रोमांचक बना दिया। पहले मैच में पंजाब किंग्स ने 265 रन का विशाल लक्ष्य हासिल कर नया इतिहास रचा, जबकि दूसरे मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने 229 रन का लक्ष्य चेज करते हुए राजस्थान रॉयल्स को हराया।
पंजाब किंग्स की बादशाहत बरकरार
इन नतीजों के बाद अंकतालिका में पंजाब किंग्स का दबदबा कायम है। टीम 7 मैचों में 13 अंकों के साथ पहले स्थान पर बनी हुई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 10 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के समान अंक हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के चलते हैदराबाद तीसरे और राजस्थान चौथे स्थान पर है।
IPL 2026: मिड टेबल में कड़ी टक्कर
अंकतालिका के मध्य में मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स 6-6 अंकों के साथ क्रमशः पांचवें और छठे स्थान पर हैं। गुजरात टाइटंस सातवें स्थान पर है। वहीं, मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स 4-4 अंकों के साथ आठवें और नौवें स्थान पर हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स 3 अंकों के साथ अंतिम स्थान पर बना हुआ है।
ऑरेंज कैप की रेस में अभिषेक आगे
बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑरेंज कैप अपने नाम कर ली है। उन्होंने 8 मैचों में 380 रन बनाए हैं, जिसमें 36 चौके और 28 छक्के शामिल हैं। राजस्थान के खिलाफ उनकी 29 गेंदों में 57 रन की पारी ने टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
केएल राहुल 357 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि वैभव सूर्यवंशी भी इतने ही रन बनाकर तीसरे स्थान पर मौजूद हैं। खास बात यह रही कि दोनों बल्लेबाजों ने अपने-अपने मैचों में शतक जड़े, लेकिन उनकी टीमों को जीत नहीं मिल सकी।
IPL 2026: पर्पल कैप पर कंबोज का कब्जा
गेंदबाजी में अंशुल कंबोज का जलवा जारी है। उन्होंने 7 मैचों में 14 विकेट लेकर पर्पल कैप अपने नाम की है और फिलहाल सबसे सफल गेंदबाज बने हुए हैं।
हर मुकाबले के साथ बदल रहा समीकरण
आईपीएल 2026 अब बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। हर मैच के साथ अंकतालिका में बदलाव देखने को मिल रहा है, जिससे प्लेऑफ की दौड़ और भी दिलचस्प होती जा रही है। आने वाले मुकाबले तय करेंगे कि कौन सी टीम अपनी स्थिति मजबूत करती है और कौन बाहर होने के करीब पहुंचती है।
ये भी पढ़े… स्कूल की दीवारों के भीतर खूनी झगड़ा: एक छात्र जिंदगी से जूझ रहा, सच सामने आते ही मचेगा बवाल!








