Home » उत्तर प्रदेश » सीतापुर में रंजिश का खून: बाप-बेटे की गोली मारकर हत्या, पुलिस की लापरवाही से बढ़ा तनाव

सीतापुर में रंजिश का खून: बाप-बेटे की गोली मारकर हत्या, पुलिस की लापरवाही से बढ़ा तनाव

Sitapur News

Sitapur News: सीतापुर जिले में शुक्रवार की देर शाम एक दर्दनाक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के फतेपुर गांव में दो समुदायों के बीच पुरानी रंजिश ने दो जिंदगियाँ निगल लीं। गांव के रहने वाले छोटे खान (65) और उनके बेटे मैसर खान (45) की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गोलीबारी की आवाज से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोग घरों में दुबक गए।

ग्रामीणों में गुस्सा और दहशत

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दोहरे हत्याकांड से ग्रामीणों में गुस्सा और दहशत दोनों फैले हुए हैं। बताया जा रहा है कि मृतकों और हमलावरों के बीच लंबे समय से रंजिश चल रही थी। घटना से करीब 24 घंटे पहले दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर विवाद हुआ था लेकिन उस समय पुलिस ने केवल खानापूर्ति कर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया। पुलिस की यही लापरवाही अब दो बेगुनाहों की जान पर भारी पड़ गई है।

Sitapur News: इलाके में कई थानों की फोर्स तैनात

घटना की खबर लगते ही एएसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह और सीओ महोली नागेंद्र चतुर्वेदी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। चूंकि मामला दो समुदायों से जुड़ा है इसलिए किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आसपास के कई थानों की फोर्स भी तैनात की गई है।

वहीं मामले में जानकारी देते हुए एएसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह ने बताया कि गांव फतेपुर मातिनपुर में दो व्यक्तियों की गोली मारकर हत्या की गई। शुरुआती जांच में सामने आया कि किसी भारी वस्तु से सिर पर वार किया गया है। गोली मारी गई है। पुरानी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया है। मौके पर   फोरेंसिक टीम ने जांच की है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

ये भी पढ़े… मातम में बदली क्रिसमस की खुशियां, मेरठ में हादसे ने एक साथ छीने तीन घरों के चिराग