Jhansi News: झांसी शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शिवपुरी रोड स्थित होटल द क्राउन के अंदर चल रहे जुए के अड्डे का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए मौके से 17 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 7 लाख 11 हजार 220 रुपये नकद, 18 मोबाइल फोन और 7 ताश की गड्डियां बरामद की हैं। पूरे मामले में होटल मालिक की संलिप्तता भी सामने आई है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
कैसे हुआ खुलासा?
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन आलोक सिंह और पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में की गई। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर थाना सीपरी बाजार पुलिस ने शिवपुरी रोड स्थित होटल द क्राउन के कमरा नंबर 103 में दबिश दी, जहां ताश के पत्तों पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेला जा रहा था।
Jhansi News: होटल मालिक की तलाश में पुलिस
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने मौके से 17 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर जुए की मेज से 6 लाख 88 हजार 500 रुपये नकद तथा अभियुक्तों की जामातलाशी से 22 हजार 720 रुपये बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 7 लाख 11 हजार 220 रुपये नकद के साथ 18 मोबाइल फोन और 7 ताश की गड्डियां जब्त की गईं। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि होटल द क्राउन का मालिक अजय यादव बाहरी जुआरियों को कमरे उपलब्ध कराता था और उन्हें पैसा देकर जुआ खेलने की सुविधा देता था। मामले में होटल मालिक अजय यादव की भूमिका सामने आने के बाद उसके खिलाफ भी थाना सीपरी बाजार में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। हालांकि, घटना के बाद से होटल मालिक फरार है।
पुलिस का कहना है कि पूरी कार्रवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट और मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन किया गया है। फिलहाल फरार होटल मालिक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
Report By: प्रवीण भार्गव
ये भी पढ़े… इलाज में चूक या सिस्टम की नाकामी? ग्रेटर नोएडा में नवजात की मौत पर उठे सवाल






