Moradabad News: मुरादाबाद जनपद के कटघर थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। दोस्तों के बीच शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते दो गुटों की खुली मारपीट में तब्दील हो गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दर्जनभर युवक एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और हाथों से हमला करते नजर आ रहे हैं। मारपीट के दौरान मौके पर मौजूद महिलाओं ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन गुस्से में भरे युवकों ने किसी की एक न सुनी और हंगामा जारी रहा।
विवाद की जड़ बना 8 हजार का चालान
जानकारी के मुताबिक, विवाद की जड़ एक बाइक और उस पर कटा 8 हजार रुपये का चालान बना। बताया जा रहा है कि एक युवक अपनी बाइक दोस्त को देकर गया था। इसी दौरान बाइक का ट्रैफिक चालान हो गया। चालान की रकम कौन भरेगा, इसी बात को लेकर दोनों दोस्तों में कहासुनी शुरू हुई। पहले बहस, फिर गाली-गलौज और आखिरकार मारपीट तक मामला पहुंच गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के समर्थक भी मौके पर पहुंच गए और पूरा इलाका रणक्षेत्र में बदल गया।
Moradabad News: सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह युवक सरेआम कानून को ताक पर रखकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग सहमे नजर आए। घटना के दौरान कुछ देर के लिए इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। कटघर थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए 3 नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोहसिन, यासीन, वारिस, मोहम्मद कैफ, अलीब खान और अली को हिरासत में ले लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Report By: BP उपाध्याय
ये भी पढ़े… सीएचसी शिवगढ़ बना Reel शूटिंग लोकेशन, इलाज छोड़ कैमरे के सामने झूमता दिखा स्टाफ, वीडियो वायरल






