Breaking News
Home » नई दिल्ली » दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण ने दी चेतावनी, AQI 450 पार, नए साल में हल्की बारिश से राहत की उम्मीद

दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण ने दी चेतावनी, AQI 450 पार, नए साल में हल्की बारिश से राहत की उम्मीद

दिल्ली-एनसीआर: हवा गंभीर स्तर पर

Delhi NCR Pollution: साल के आखिरी दिन भी दिल्ली-एनसीआर के लोगों को प्रदूषण और कोहरे से राहत नहीं मिल पाई। 31 दिसंबर को राजधानी और आसपास के इलाकों की हवा बेहद खराब से लेकर खतरनाक स्तर तक पहुंच गई।

आनंद विहार से वजीरपुर तक AQI 450 के पार

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB), दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) और मौसम विभाग के मॉनिटरिंग स्टेशनों के आंकड़ों के अनुसार, कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 450 से ऊपर दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है।

Delhi NCR Pollution: दिल्ली-एनसीआर: हवा गंभीर स्तर पर
दिल्ली-एनसीआर: हवा गंभीर स्तर पर

दिल्ली के आनंद विहार में AQI 452 दर्ज हुआ। वहीं अशोक विहार में 411, चांदनी चौक में 420, पंजाबी बाग में 430, रोहिणी में 426, शादिपुर में 437, विवेक विहार में 441 और वजीरपुर में 436 AQI रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा आर.के. पुरम में 412, सिरिफोर्ट में 409, सोनिया विहार में 382, श्री अरबिंदो मार्ग पर 345 और डीटीयू इलाके में 375 AQI दर्ज हुआ।

Delhi NCR Pollution: घना कोहरा बना दोहरी मुसीबत

इन आंकड़ों से साफ है कि दिल्ली के लगभग सभी इलाके रेड जोन से ऊपर और गंभीर प्रदूषण की चपेट में रहे। एनसीआर के दूसरे शहरों की हालत भी ज्यादा बेहतर नहीं रही। नोएडा के सेक्टर-1 में AQI 438, सेक्टर-116 में 420, सेक्टर-125 में 391 और सेक्टर-62 में 373 दर्ज किया गया। वहीं गाजियाबाद के वसुंधरा इलाके में AQI 432, इंदिरापुरम में 378, लोनी में 327 और संजय नगर में 320 रिकॉर्ड किया गया।

पूरे एनसीआर में बीते एक महीने से AQI लगातार रेड जोन में बना हुआ है, जिससे सांस के मरीजों, बुजुर्गों और बच्चों की परेशानियां बढ़ गई हैं। प्रदूषण के साथ-साथ घने कोहरे ने भी लोगों की दिक्कतें और बढ़ा दीं।

Delhi NCR Pollution: दिल्ली-एनसीआर: हवा गंभीर स्तर पर
दिल्ली-एनसीआर: हवा गंभीर स्तर पर

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 31 दिसंबर की सुबह कई इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। इस दिन अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोहरे की वजह से दृश्यता कम रही, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ।

हल्की बारिश से राहत की उम्मीद

हालांकि नए साल के पहले दिन यानी 1 जनवरी को मौसम में बदलाव के संकेत हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश हो सकती है। तापमान 19 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगर हल्की बारिश होती है, तो प्रदूषण के स्तर में कुछ कमी आ सकती है और लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है। वहीं 2 जनवरी को एक बार फिर मध्यम कोहरे की संभावना जताई गई है