Lakhimpur Kheri: लखीमपुर खीरी जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत थाना भीरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा के कड़े निर्देशों एवं अपर पुलिस अधीक्षक के निकट पर्यवेक्षण में, भीरा पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में लंबे समय से वांछित दो शातिर अभियुक्तों (पति-पत्नी) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सीओ गोला के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
क्षेत्राधिकारी (CO) गोला के मार्गदर्शन एवं थानाध्यक्ष भीरा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सटीक घेराबंदी कर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अजीजुल पुत्र छेदा और उसकी पत्नी कमरजहाँ के रूप में हुई है, जो थाना भीरा क्षेत्र के ही निवासी हैं। दोनों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज था।
Lakhimpur Kheri: अजीजुल का लंबा आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त अजीजुल का आपराधिक रिकॉर्ड काफी गंभीर बताया जा रहा है। उसके खिलाफ कुल 6 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गोवध निवारण अधिनियम, घर में घुसकर चोरी (धारा 457/380), मारपीट, गाली-गलौज, धमकी तथा शांति व्यवस्था भंग करने के मामले शामिल हैं। इसके अलावा पूर्व में उस पर 110 G सीआरपीसी के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। बता दें कि अजीजुल की पत्नी कमरजहाँ भी आपराधिक गतिविधियों में उसके साथ सक्रिय भूमिका निभाती रही है। उसके विरुद्ध भी गोवध निवारण अधिनियम सहित धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई के बाद से वह भी पुलिस की रडार पर थी।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों अभियुक्तों का नियमानुसार चिकित्सीय परीक्षण कराया और उन्हें माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं मामले में पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने कहा कि जनपद में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, गोकशी या संगठित अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराधियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ उनकी संपत्तियों की भी जांच की जाएगी।
Report By: संजय कुमार







