Up news: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के अटरिया कस्बे में शुक्रवार शाम एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। डालीगंज (गोमतीनगर) से सहारनपुर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 26504) अटरिया क्षेत्र में नीलगांव रेलवे क्रॉसिंग संख्या 39-सी के पास अचानक ट्रैक पर आए एक मवेशी से टकरा गई। यह घटना शाम करीब 5 बजे हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि वंदे भारत एक्सप्रेस के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद एहतियातन ट्रेन को अटरिया स्टेशन पर लगभग 20 मिनट तक रोक दिया गया। अचानक हुई इस घटना से यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि किसी यात्री को कोई चोट नहीं आई।
अस्थायी मरम्मत के बाद रवाना हुई ट्रेन
अटरिया स्टेशन मास्टर संजय सिंह ने बताया कि मवेशी से टकराने के कारण ट्रेन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ था। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्षतिग्रस्त हिस्से को अस्थायी रूप से बांधकर सुरक्षित किया गया, जिसके बाद ट्रेन को आगे के गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Up news: 9 दिसंबर से दोबारा शुरू हुआ है संचालन
लखनऊ से सहारनपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन 9 दिसंबर से दोबारा शुरू हुआ है। यह ट्रेन सोमवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी सभी दिनों में चलती है। रेलवे ने इसकी टिकट बुकिंग भी खोल दी है, जिसमें फिलहाल करीब 420 सीटें उपलब्ध हैं। लखनऊ से सीतापुर तक चेयरकार का किराया 495 रुपये और एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 930 रुपये निर्धारित किया गया है। करीब 80 किलोमीटर का यह सफर वंदे भारत एक्सप्रेस मात्र 1 घंटा 5 मिनट में पूरा करती है।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सफल परीक्षण
Up news: इस बीच भारतीय रेलवे को एक और बड़ी सफलता मिली है। स्वदेशी रूप से डिजाइन की गई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का अंतिम चरण का हाई-स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। रेल मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, रेल सुरक्षा आयुक्त की निगरानी में यह परीक्षण कोटा-नागदा खंड पर किया गया, जहां ट्रेन ने 180 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति हासिल की। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन पहले कई बार तय समयसीमा से चूक चुकी है। नवंबर के मध्य में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी थी कि यह ट्रेन दिसंबर 2025 में शुरू की जाएगी। 30 दिसंबर को रेल मंत्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सुरक्षा परीक्षण से जुड़ा एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें तेज रफ्तार के बावजूद ट्रेन के अंदर रखे पानी से भरे गिलास स्थिर दिखाई दिए।
यह भी पढ़ें: मेक्सिको में 6.5 तीव्रता का भीषण भूकंप, मैक्सिको सिटी और अकापुल्को में दहशत






