Home » मध्य प्रदेश » भागीरथपुरा में सियासी टकराव: भाजपा–कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जमकर घमासान, सज्जन वर्मा पर चप्पल फेंकने का आरोप

भागीरथपुरा में सियासी टकराव: भाजपा–कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जमकर घमासान, सज्जन वर्मा पर चप्पल फेंकने का आरोप

Bhagirathpura clash: भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के मामले में हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए, जब कांग्रेस की जांच समिति के पहुंचने पर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में नारेबाजी, धक्का-मुक्की और घमासान शुरू हो गया।

मृतकों के परिजनों से मिलने पहुंची थी कांग्रेस

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर वरिष्ठ नेताओं की एक समिति भागीरथपुरा पहुंची थी। समिति का उद्देश्य मृतकों के परिजनों और पीड़ितों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लेना था। कांग्रेस नेता सज्जन वर्मा, विधायक महेश परमार, प्रताप ग्रेवाल, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी, शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित पटेल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौके पर मौजूद थे।

Bhagirathpura clash: भाजपा कार्यकर्ताओं ने रोका, दिखाए काले झंडे

कांग्रेस नेताओं के पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ता महिलाओं के साथ मौके पर पहुंचे और काले झंडे दिखाते हुए विरोध शुरू कर दिया। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को क्षेत्र में जाने से रोकने की कोशिश की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नारेबाजी शुरू हो गई।

 सज्जन वर्मा पर चप्पल फेंकने का आरोप

पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद लौटते समय भाजपा कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं के बीच धक्का-मुक्की तेज हो गई। कांग्रेस का आरोप है कि इस दौरान पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा पर जूता-चप्पल भी फेंके गए। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेताओं, कैलाश विजयवर्गीय और महापौर के खिलाफ जमकर नारे लगाए।

Bhagirathpura clash
                                                 Bhagirathpura clash

Bhagirathpura clash: पुलिस पर पक्षपात के आरोप

करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के दौरान पुलिस की भूमिका पर सवाल उठे। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने के बजाय कांग्रेस नेताओं को ही आगे बढ़ने से रोकती रही। मौके पर मौजूद कांग्रेस नेताओं ने पुलिस कार्रवाई का विरोध भी किया।

कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी, जेल भेजा गया

हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने सज्जन वर्मा, महेश परमार और प्रताप ग्रेवाल को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद विरोध और तेज हुआ तो शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे, अमित पटेल, रीना बौरासी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार कुल 55 लोगों की गिरफ्तारी दर्ज की गई, जबकि कांग्रेस का दावा है कि 200 से अधिक कार्यकर्ता जेल परिसर में मौजूद थे।

जेल में दी गई श्रद्धांजलि

जेल भेजे गए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जेल परिसर में ही भागीरथपुरा में दूषित पानी से मृत 16 लोगों को श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस नेताओं ने इसे जनसंवेदनाओं को दबाने की कार्रवाई बताया।

ये भी पढ़े… इंदौर में नर्मदा जल आपूर्ति पर बड़ा सवाल, बेकरी गली के लोग बीमारियों के साए में जीने को मजबूर,नलों से निकल रहा कीड़ों वाला काला पानी