Up Vacancy: उत्तर प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। इसी क्रम में वर्ष 2026 में प्रदेश के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में शिक्षण एवं तकनीकी पदों पर बड़े पैमाने पर भर्ती की जाएगी। सहायक आचार्य, आचार्य और प्रवक्ता (फार्मेसी) के कुल लगभग 1,200 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी, जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और मेडिकल शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कितने सहायक आचार्य पदों पर होगा चयन
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा अमित कुमार घोष ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर विभाग में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज की गई है। इसी के तहत चिकित्सा शिक्षा विभाग ने लोक सेवा आयोग, प्रयागराज को अधियाचन भेज दिया है। जारी होने वाले विज्ञापन के अनुसार राजकीय मेडिकल कॉलेजों में सहायक आचार्य के 1,112 पद, आचार्य के 44 पद और प्रवक्ता (फार्मेसी) के 11 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए जल्द ही लोक सेवा आयोग द्वारा विज्ञापन जारी किया जाएगा।
Up Vacancy: नर्सिंग अधिकारियों को मिलेंगे नियुक्ति पत्र
सरकार ने नर्सिंग कैडर को सशक्त करने की दिशा में भी बड़ा कदम उठाया है। लोक सेवा आयोग, प्रयागराज से चयनित 1,230 नर्सिंग अधिकारियों (महिला एवं पुरुष) को शीघ्र ही नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। इससे प्रदेश के सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और क्षमता दोनों में सुधार होगा।
शिक्षा गुणवत्ता पर सरकार का फोकस
प्रदेश सरकार का उद्देश्य मेडिकल एजुकेशन को केवल डिग्री तक सीमित न रखकर गुणवत्ता, शोध और व्यावहारिक प्रशिक्षण से जोड़ना है। बीते पौने नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है और लगभग हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का लक्ष्य पूरा किया गया है। नए कॉलेजों के सुचारू संचालन के लिए योग्य शिक्षकों और प्रशिक्षित स्टाफ की उपलब्धता सरकार की प्राथमिकता है। सहायक आचार्य, आचार्य और फार्मेसी प्रवक्ताओं की यह भर्ती मेडिकल छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन देने के साथ-साथ शोध गतिविधियों को बढ़ावा देगी और प्रदेश को भविष्य के लिए कुशल डॉक्टर व स्वास्थ्य विशेषज्ञ प्रदान करेगी।
ये भी पढ़ें…बिहार पुलिस पर दाग: 50 लाख कैश और 2 किलो सोना गायब, थानाध्यक्ष निलंबित






