Home » उत्तर प्रदेश » मस्जिद के मोहतमीम को बदलने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, घरों की छतों पर चढ़कर किया पथराव

मस्जिद के मोहतमीम को बदलने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, घरों की छतों पर चढ़कर किया पथराव

Saharanpur News
Spread the love

Saharanpur News: सहारनपुर जिले के थाना नागल क्षेत्र के गांव नौजली दानियालपुर में मस्जिद के मोहतमीम (प्रबंधक) को बदलने को लेकर उपजा विवाद अचानक हिंसक हो गया। विवाद के दौरान दो पक्ष आमने-सामने आ गए और हालात इतने बिगड़ गए कि एक पक्ष के लोगों ने घरों की छतों पर चढ़कर दूसरे पक्ष पर जमकर पथराव कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

देखते ही देखते मामला मारपीट और पथराव में बदला

स्थानीय लोगों के अनुसार, मस्जिद के मोहतमीम को लेकर गांव में पिछले तीन दिनों से तनावपूर्ण माहौल बना हुआ था। दोनों पक्षों के बीच कई बार कहासुनी भी हुई, लेकिन विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया। पहले मौखिक बहस हुई, फिर देखते ही देखते मामला मारपीट और उसके बाद पथराव में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पथराव के दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए और कुछ समय के लिए गांव का माहौल पूरी तरह भयावह हो गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि कुछ घरों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आ रही है।

Saharanpur News: दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कानूनी कार्रवाई 

घटना की सूचना मिलते ही थाना नागल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल गांव में तैनात कर दिया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद हालात पर काबू पाया जा सका। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है, लेकिन पुलिस एहतियातन लगातार निगरानी कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों पक्षों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर एक दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर पुलिस उसकी भी जांच कर रही है ताकि घटना में शामिल लोगों की सही पहचान की जा सके। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। फिलहाल गांव में पुलिस बल की तैनाती जारी है और प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Report By: Deepak Tiwari

ये भी पढ़े… सहारनपुर: SIR सर्वे में 4.32 लाख मतदाता कम, DM ने लोगों से की वोट बनवाने की अपील

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments