ख़बर का असर

Home » उत्तर प्रदेश » Lakhimpur Kheri: मोहम्मदी में ‘नशेड़ी’ ड्राइवर का तांडव, विद्युत ढांचा ध्वस्त, बूंद-बूंद पानी को तरसा रामलीला मैदान

Lakhimpur Kheri: मोहम्मदी में ‘नशेड़ी’ ड्राइवर का तांडव, विद्युत ढांचा ध्वस्त, बूंद-बूंद पानी को तरसा रामलीला मैदान

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में नशे में ट्रक चालक ने रामलीला मैदान मोहल्ले में वाहन पर नियंत्रण खो दिया। विद्युत पोल टूटने से बिजली और पानी की आपूर्ति ठप हो गई। इलाके में जनता परेशान, प्रशासन पर सवाल उठे।
बेकाबू ट्रक चालक ने बिजली पोल तोड़े

Lakhimpur Kheri: उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी में कल देर रात एक बेकाबू ट्रक चालक ने अपनी सनक और नशे की हालत में पूरे क्षेत्र की व्यवस्था को तहस-नहस कर दिया। रामलीला मैदान मोहल्ले में घटी इस घटना ने न केवल विद्युत विभाग को लाखों रुपये की क्षति पहुँचाई है, बल्कि स्थानीय प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं। इस हादसे के बाद से पूरा इलाका अंधेरे में डूबा है और जनता पानी के लिए त्राहि-त्राहि कर रही है।

बेकाबू ट्रक ने मचाया कोहराम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गैस पाइपलाइन का भारी सामान लेकर एक विशालकाय ट्रक मोहम्मदी के घनी आबादी वाले रामलीला मैदान मोहल्ले में दाखिल हुआ था प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रक चालक अत्यधिक नशे की हालत में था और वाहन की रफ़्तार रिहाइशी इलाके के मानकों से कहीं अधिक थी। नशे में धुत चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे लगे विद्युत विभाग के खंभों को एक-एक कर अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजली के कई भारी भरकम कंक्रीट के खंभे जड़ से उखड़कर धराशायी हो गए। खंभे गिरते ही ऊपर से गुजर रही हाई-वोल्टेज विद्युत लाइनें तेज धमाकों और चिंगारियों के साथ जमीन पर आ गिरीं। गनीमत यह रही कि इस दौरान क्षेत्र से गुजर राहगीर पूरी तरह सुरक्षित रहें जिससे एक बहुत बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

Lakhimpur Kheri: विद्युत विभाग की भारी क्षति

इस हादसे में विद्युत विभाग को सबसे तगड़ा झटका लगा है। खंभों के टूटने और सैकड़ों मीटर तारों के क्षतिग्रस्त होने से विभाग को लाखों का आर्थिक नुकसान हुआ है। मुख्य लाइन डैमेज होने के कारण पूरे वार्ड की सप्लाई कल रात से ही ठप है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि घटना के घंटों बीत जाने के बाद भी विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुँचे और न ही लाइनों को ठीक करने की कोई ठोस कार्रवाई शुरू की गई है।

सूखे नल और प्यासी जनता

बिजली गुल होने का सबसे भयावह असर क्षेत्र की जलापूर्ति पर पड़ा है। रामलीला मैदान मोहल्ले में सुबह से ही पानी को लेकर तबाही जैसा मंजर है। नगर पालिका की मुख्य पानी सप्लाई ठप हो गई है और घरों में लगे व्यक्तिगत वाटर पंप (मोटर) बिजली के बिना बेकार पड़े हैं। कड़ाके की इस ठंड में सुबह से ही महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग बाल्टियां लेकर सार्वजनिक हैंडपंपों और दूर-दराज के इलाकों में पानी की तलाश में भटकते नजर आए। खाना बनाने से लेकर अन्य दैनिक कार्यों के लिए पानी न मिलने से जनता का धैर्य जवाब दे रहा है।

Lakhimpur Kheri: योगी सरकार के आदेशों की चुनौती

एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सख्त निर्देश है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए, वहीं मोहम्मदी का यह वाकया स्थानीय तंत्र की विफलता को दर्शाता है। जनता सवाल पूछ रही है कि घनी आबादी वाले वार्ड में नशे में धुत चालक ट्रक लेकर कैसे प्रवेश कर गया?

फिलहाल, रामलीला मैदान मोहल्ला इस वक्त गहरे संकट में है। यदि तत्काल विद्युत पोल खड़े कर आपूर्ति बहाल नहीं की गई और वैकल्पिक माध्यमों से पानी नहीं पहुँचाया गया, तो स्थानीय निवासियों का गुस्सा सड़क पर फूट सकता है। प्रशासन को इस दिशा में युद्ध स्तर पर काम करने की आवश्यकता है।

Report By: संजय कुमार राठौर

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Live Video

लाइव क्रिकट स्कोर

khabar india YouTube posterKhabar India YouTube

राशिफल