Mathura News: जनपद मथुरा के नौहझील थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हाल ही में अलग-अलग स्थानों पर हुई दो बड़ी वारदातों ने न सिर्फ स्थानीय लोगों को दहशत में डाल दिया है, बल्कि मथुरा पुलिस की सक्रियता और गश्त व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहली घटना: ट्रैक्टर से बैटरी चोरी
जिले के गांव आजनौठ निवासी प्रहलाद सिंह के साथ अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित के अनुसार, रात के समय उनके प्लॉट में खड़े ट्रैक्टर से चोर बैटरी चोरी कर ले गए। सुबह जब वह प्लॉट पर पहुंचे तो ट्रैक्टर से बैटरी गायब मिली। घटना के बाद पीड़ित ने थाना अध्यक्ष को लिखित पत्र देकर मामले में कार्रवाई और जल्द आरोपियों को पकड़ने की गुहार लगाई है।
Mathura News: दूसरी घटना: वाटर प्लांट बना चोरों का निशाना
नौहझील थाना क्षेत्र के बाजना इलाके में चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक आरओ वाटर प्लांट को निशाना बनाया। यह वारदात गौतम बाजना रोड पर प्रहलाद गढ़ी और विनोद डेयरी के पास स्थित ‘ब्रजभूमि आरओ वाटर प्लांट’ में हुई। सोमवार सुबह जब प्लांट मालिक देवेन्द्र चौधरी मौके पर पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। क्योंकि प्लांट के अंदर खड़ी गाड़ियों के लॉक टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था।
हजारों की नकदी और बैटरियां चोरी
जानकारी के मुताबिक, चोरों ने प्लांट में खड़ी दो गाड़ियों की बैटरियां चोरी कर लीं, साथ ही गाड़ियों के अंदर रखे करीब 4000 रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज भी ले गए। इतना ही नहीं, चोरों ने प्लांट में रखे दो भारी-भरकम जेनरेटर को भी ले जाने की कोशिश की, लेकिन वजन अधिक होने या किसी आहट के कारण वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके।
Mathura News: पुलिस की सक्रियता पर उठे सवाल?
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों और व्यापारियों में भारी नाराजगी है। सवाल यह है कि जब थाना क्षेत्र में पुलिस गश्त का दावा किया जाता है, तो चोर इतनी आसानी से वारदातों को कैसे अंजाम दे रहे हैं? प्लांट मालिक देवेन्द्र चौधरी ने भी इस मामले में नौहझील थाने में लिखित तहरीर दे दी है। वहीं, ट्रैक्टर चोरी पीड़ित ने भी पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। हालांकि, अब तक दोनों मामलों में पुलिस के हाथ खाली हैं और चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका है।
लेकिन अब देखना यह होगा कि मथुरा पुलिस इन वारदातों को गंभीरता से लेकर कब तक आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाती है?
ये भी पढ़े… शहीद कमांडो सचिन की यादों पर आघात, स्मृति स्थल पर तोड़फोड़ से बवाल, बीजेपी जिलाध्यक्ष के भाई पर आरोप








