Home » उत्तर प्रदेश » ​झारखंड से तस्करी कर लाई गई 25 लाख की अफीम के साथ महिला समेत दो गिरफ्तार, दिल्ली-एनसीआर में होनी थी सप्लाई

​झारखंड से तस्करी कर लाई गई 25 लाख की अफीम के साथ महिला समेत दो गिरफ्तार, दिल्ली-एनसीआर में होनी थी सप्लाई

Ghaziabad News
Ghaziabad News

Ghaziabad News: पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। स्वाट टीम, अपराध शाखा और थाना साहिबाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने झारखंड से तस्करी कर लाई जा रही 2.206 किलोग्राम अफीम के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस अफीम की कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है।

मुखबिर के जरिए मिली थी सूचना 

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 जनवरी को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि कुछ लोग झारखंड से नशीले पदार्थों की खेप लेकर साहिबाबाद इलाके में आने वाले हैं। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मोहन नगर चौकी क्षेत्र के राजीव कॉलोनी कट पर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुनील कुमार निवासी चतरा और सुनीता देवी निवासी हजारीबाग, झारखंड के रूप में हुई है।

Ghaziabad News: पूछताछ में आरोपियों ने क्या बताया? 

​पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे झारखंड के रहने वाले सोनू नाम के एक व्यक्ति से अफीम खरीदकर लाते थे। पुलिस से बचने के लिए ये लोग बस और ट्रेनों का सहारा लेते थे और रास्ते बदल-बदल कर यात्रा करते थे। इन्होंने स्वीकार किया कि वे पिछले 3 साल से इस अवैध धंधे में शामिल हैं। आरोपियों के मुताबिक, वे दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में डिमांड के आधार पर अफीम की सप्लाई करते थे। इस बार माल की डिलीवरी लोनी और दिल्ली बॉर्डर के इलाकों में होनी थी। आरोपियों ने बताया कि कम समय में ज्यादा पैसा कमाने और अपने शौक पूरे करने के लिए वे इस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े थे। पुलिस अब इस गिरोह के मास्टरमाइंड सोनू और अन्य संपर्कों की तलाश में दबिश दे रही है।

Report BY: विभु मिश्रा

ये भी पढ़े… ASP अनुज चौधरी को लेकर सपा नेता एसटी हसन का बड़ा बयान बोले- ‘FIR को चुनौती देना मतलब अपराधियों को बचाना’