BMC Election Result: महाराष्ट्र नगर निगम चुनावों में भाजपा गठबंधन को मिल रही मजबूत बढ़त के बीच दिल्ली में भाजपा की अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने इसे देश की राजनीति के लिए “शुभ और सकारात्मक संकेत” बताया और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला।
महाराष्ट्र की जनता ने भाजपा को दिया नया संबल
संबित पात्रा ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने भाजपा को पुरजोर समर्थन देकर पार्टी को नई शक्ति प्रदान की है। पहले बिहार, फिर केरल और अब महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों में भाजपा की सफलता यह दर्शाती है कि देश की राजनीति सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि नकारात्मक राजनीति करने वालों को महाराष्ट्र की जनता ने करारा जवाब दिया है।
BMC Election Result: ‘INDI गठबंधन’ के अस्तित्व पर उठे सवाल
भाजपा प्रवक्ता ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि 2024 के बाद ‘INDI गठबंधन’ लगातार बिखरता नजर आ रहा है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन टूट चुका है, केरल में कांग्रेस और वामदल अलग-अलग चुनाव लड़े, महाराष्ट्र में कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) साथ नहीं दिखीं और पश्चिम बंगाल में भी विपक्षी एकता की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि ‘INDI गठबंधन’ का किला पूरी तरह ढह चुका है और उसमें गहरी दरारें साफ दिखाई दे रही हैं।
देवेंद्र फडणवीस को सौंपी जाएगी महाराष्ट्र चुनाव की कमान
इसी बीच राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा तेज है कि महाराष्ट्र चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत के बाद उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस आज शाम करीब तीन बजे भाजपा मुख्यालय पहुंच सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, पार्टी नेतृत्व की ओर से महाराष्ट्र चुनाव की सफलता का श्रेय देवेंद्र फडणवीस को देते हुए उनके सिर पर जीत का सेहरा बांधा जा सकता है। इसे भाजपा की रणनीतिक और संगठनात्मक सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
BMC Election Result: छत्रपति शिवाजी महाराज की धरती का आशीर्वाद
संबित पात्रा ने महाराष्ट्र की ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमि है, जहां सेवा और राष्ट्रभक्ति की परंपरा रही है। उन्होंने ‘जनता राजा’ नाटक का उल्लेख करते हुए कहा कि आज वही स्वर हर मराठी के कानों में गूंज रहा होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में भाजपा को जनता ने खुलकर आशीर्वाद दिया है।
“जय जय महाराष्ट्र माता” के साथ आभार
प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में संबित पात्रा ने महाराष्ट्र की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जनादेश भाजपा के लिए सेवा और विकास की जिम्मेदारी को और मजबूत करता है। उन्होंने अपने संबोधन का समापन “जय जय महाराष्ट्र माता” के उद्घोष के साथ किया।
ये भी पढ़े… जनता दर्शन में सीएम योगी का कड़ा रुख: पैसा लेकर पट्टा देने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई







