Lakhimpur Kheri: दुधवा टाइगर रिजर्व के बफर जोन से सटे इलाकों में वन्यजीवों की दस्तक लगातार जारी है। ताजा मामला पलिया रेंज के ग्राम बंसीनगर का है, जहां एक फार्म हाउस पर करीब 16 फीट लंबा विशालकाय अजगर निकलने से हड़कंप मच गया। विशाल अजगर को देख फार्म हाउस पर काम कर रहे मजदूरों और ग्रामीणों के हाथ-पांव फूल गए। हालांकि, वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुँचकर सुरक्षित रेस्क्यू किया, जिसमें एक महिला कर्मचारी का साहस चर्चा का विषय बना हुआ है।
फार्म हाउस में विशालकाय अजगर देख उड़े होश
जानकारी के मुताबिक, बंसीनगर स्थित एक फार्म हाउस पर शनिवार को ग्रामीणों ने झाड़ियों के बीच एक भारी-भरकम अजगर रेंगते हुए देखा। अजगर इतना विशाल था कि उसकी लंबाई करीब 16 फीट बताई जा रही है। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी।
Lakhimpur Kheri: जोखिम उठाकर किया सफल रेस्क्यू
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुँची। दुधवा टाइगर कंजर्वेशन में कार्यरत महिला वनकर्मी नज़रून निशा ने अपनी जान जोखिम में डालकर बेहद पेशेवर तरीके से इस विशालकाय अजगर को काबू किया। नज़रून निशा के इस साहसिक कार्य को देखकर वहां मौजूद ग्रामीण दंग रह गए। आमतौर पर भारी-भरकम अजगरों के रेस्क्यू में कई लोगों की जरूरत पड़ती है, लेकिन नज़रून निशा ने निडरता का परिचय देते हुए अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया।
ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
सफल रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम ने अजगर को बोरे में सुरक्षित रखकर घने जंगल में छोड़ दिया है। अजगर के पकड़े जाने के बाद बंसीनगर के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों ने नज़रून निशा और उनकी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। संजय कुमार राठौर ब्यूरो के माध्यम से वन विभाग ने अपील की है कि तराई के इलाकों में सर्दी और धूप सेकने के लिए अक्सर वन्यजीव रिहाइशी इलाकों का रुख करते हैं। ऐसे में किसी भी वन्यजीव के दिखने पर उसे नुकसान न पहुँचाएं और तुरंत इसकी जानकारी वन विभाग को दें।
ये भी पढ़े… खीरी में ‘खौफनाक सुबह’ कोहरे और ट्रक की टक्कर से 8 घायल, परीक्षा के लिए जा रहे छात्र भी प्रभावित







