Budget 2026 Strategy: केंद्रीय बजट 2026 और विकसित भारत 2047 के विजन पर रणनीति बनाने के लिए नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (एनडीए) मंगलवार को संसदीय दल की अहम बैठक करेगा। यह बैठक सुबह 9.30 बजे नई दिल्ली में आयोजित होगी, जिसमें एनडीए के तमाम वरिष्ठ नेता, मंत्री और सांसद शामिल होंगे।
पीएम मोदी करेंगे बैठक को संबोधित
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एनडीए संसदीय दल को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि पीएम मोदी बजट के राजनीतिक और आर्थिक संदेश को लेकर पार्टी और सहयोगी दलों को स्पष्ट दिशा देंगे। बैठक में बजट के जरिए देश को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के विजन पर विस्तार से चर्चा होगी।
Budget 2026 Strategy: निर्मला सीतारमण पेश करेंगी बजट प्रेजेंटेशन
बैठक में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक प्रेजेंटेशन के माध्यम से बजट 2026 की प्रमुख विशेषताओं और इसके दूरगामी प्रभावों को सामने रखेंगी। इसमें बताया जाएगा कि बजट किस तरह आर्थिक विकास, सामाजिक समावेशन और दीर्घकालिक सुधारों के जरिए विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में काम करेगा।
जनता तक बजट का संदेश पहुंचाने की रणनीति
एनडीए संसदीय दल की बैठक में इस बात पर भी मंथन होगा कि बजट की उपलब्धियों और इसके लाभों को आम जनता तक प्रभावी तरीके से कैसे पहुंचाया जाए। इसके लिए नेताओं और सांसदों को गाइडलाइंस दी जाएंगी और एक स्पष्ट रोडमैप तय किया जाएगा, ताकि सरकार की नीतियों का संदेश जमीनी स्तर तक पहुंचे।
Budget 2026 Strategy: नौवां बजट और तीन ‘कर्तव्यों’ पर आधारित नीति
गौरतलब है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को लोकसभा में केंद्रीय बजट 2026 पेश किया था, जो उनका लगातार नौवां बजट है। यह बजट तीन प्रमुख ‘कर्तव्यों’ से प्रेरित है- प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना, आकांक्षाओं को पूरा करना, और यह सुनिश्चित करना कि हर परिवार, समुदाय और क्षेत्र को संसाधनों और अवसरों तक समान पहुंच मिले।
पीएम मोदी ने बजट को बताया ‘अवसरों का राजमार्ग’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बजट की सराहना करते हुए इसे “अपार अवसरों का राजमार्ग” बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट उस रिफॉर्म एक्सप्रेस को नई ऊर्जा देगा, जिस पर भारत सवार है। पीएम मोदी के अनुसार, यह बजट न सिर्फ वर्तमान की जरूरतों को पूरा करता है, बल्कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए एक मजबूत नींव भी रखता है।
युवा शक्ति और नए सेक्टर्स पर फोकस
पीएम मोदी ने बजट को “युवा शक्ति का बजट” बताते हुए कहा कि इसमें मेडिकल हब, एलाइड हेल्थ प्रोफेशनल्स, ऑरेंज इकोनॉमी, एवीजीसी सेक्टर, टूरिज्म और खेलो इंडिया जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए नए अवसर पैदा किए गए हैं। उनका कहना है कि बजट देश के इनोवेटर्स, क्रिएटर्स और भविष्य के नेताओं को आगे बढ़ने का मंच देगा।
ये भी पढ़े… कीमतों में भूचाल! चांदी ₹23,900 टूटी, सोना भी ₹5,700 सस्ता







