ख़बर का असर

Home » बिहार » खगड़िया का पकड़ौआ विवाह हुआ वायरल, ‘गाय दिखाने के बहाने बुलाए युवक की जबरन करा दी शादी’

खगड़िया का पकड़ौआ विवाह हुआ वायरल, ‘गाय दिखाने के बहाने बुलाए युवक की जबरन करा दी शादी’

bihar news

Bihar News: बिहार के खगड़िया जिले से पकड़ौआ शादी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला परबत्ता थाना क्षेत्र के सिराजपुर गांव का बताया जा रहा है, जहां एक युवक ने गाय दिखाने के बहाने घर बुलाकर अगवा कर पिस्टल के बल पर जबरन शादी कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित युवक मन्नयम कुमार, जो डुमरिया खुर्द गांव का निवासी है, ने इस संबंध में परबत्ता थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

साजिश के तहत अगवा करने का आरोप

पीड़ित युवक के अनुसार, गांव के ही कमल कुमार राय ने उसे गाय दिखाने के बहाने पहले कन्हैयाचक गांव बुलाया। इसके बाद उसे अलग-अलग गांवों में घुमाते हुए सिराजपुर गांव ले जाया गया। युवक का आरोप है कि सिराजपुर पहुंचने के बाद मोबाइल चार्ज कराने के बहाने उसका फोन ले लिया गया, ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके। जब उसने वहां से लौटने की बात कही, तो मौके पर मौजूद तीन से चार लोगों ने उसे जबरन पकड़ लिया और हथियार दिखाकर शादी करने का दबाव बनाने लगे। पीड़ित का कहना है कि जब उसने शादी से इनकार किया तो उसके साथ मारपीट की गई। हथियार के डर और शारीरिक उत्पीड़न के बीच देर रात उसकी शादी कुंदन कुमारी से जबरन करा दी गई।  इस दौरान शादी की रस्मों का वीडियो भी बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में शादी की पूरी पारंपरिक रस्में निभाई जाती दिखाई दे रही हैं।

परिजनों की सूचना पर पुलिस ने कराया मुक्त

युवक के लापता होने की सूचना मिलने पर उसके परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक को मुक्त कराया। पीड़ित युवक ने थाने में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि यह पूरी घटना पूर्व नियोजित साजिश का हिस्सा थी और उसकी मर्जी के खिलाफ जबरन शादी कराई गई।

वहीं इस मामले में लड़की पक्ष ने युवक द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। लड़की और उसके परिजनों का कहना है कि शादी दोनों की आपसी सहमति से हुई है और इसे जबरन शादी बताना गलत है। लड़की का दावा है कि युवक का पहले से उनके घर आना-जाना था और दोनों एक-दूसरे को जानते थे। उसका कहना है कि थाने में दिया गया आवेदन बहनोई के दबाव में दिया गया है और आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं।

मामले की जांच में पुलिस

युवक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, युवक के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह मामला जबरन पकड़ौआ शादी का है या फिर आपसी सहमति से किया गया विवाह।

Report BY: Satyam

ये भी पढ़े… 27 साल बाद पीड़ित परिवार को मिला न्याय, मधेपुरा में दो आरोपियों को 7 साल की सजा, जानें क्या था मामला…

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Live Video

लाइव क्रिकट स्कोर

khabar india YouTube posterKhabar India YouTube

राशिफल