UP News: अमरोहा जिले के गजरौला थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में निजी स्कूल के स्पोर्ट्स टीचर की मौत हो गई। रेलवे फ्लाईओवर पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बाजार से घर लौट रहे थे टीचर
मिली जानकारी के अनुसार, मोहल्ला सैफी नगर निवासी 37 वर्षीय मोहित शहर के सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल में स्पोर्ट्स टीचर के पद पर कार्यरत थे। देर रात करीब साढ़े नौ बजे वह बाइक से बाजार से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह अपने मोहल्ले के सामने स्थित रेलवे फ्लाईओवर पर पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में मोहित के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गए। दुर्घटना होते देख आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
UP News: परिवार में मचा कोहराम
सूचना मिलते ही गजरौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से घायल शिक्षक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गजरौला पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया। हालांकि मुरादाबाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। स्पोर्ट्स टीचर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मोहित परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं स्कूल स्टाफ और छात्रों में भी शोक की लहर दौड़ गई।
फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- मौ. अज़ीम
ये भी पढ़े… सहारनपुर में SIR ड्यूटी पर BLO दुष्यंत सिंह की हार्ट अटैक से मौत







