Rajasthan News: राजस्थान के जैसलमेर जिले से सामने आई एक चोरी की घटना इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रही है। वजह यह है कि इस बार चोरी सिर्फ नुकसान की कहानी नहीं रही, बल्कि चोर की हरकतों ने इसे चर्चा और मनोरंजन का विषय बना दिया। घर से कीमती सामान ले जाने के बाद चोर ने ऐसा व्यवहार किया, जिसे देखकर पीड़ित परिवार भी कुछ देर के लिए हैरान रह गया। यही कारण है कि यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Rajasthan News: सरकारी आवास को बनाया निशाना
यह घटना जैसलमेर में एक सरकारी सहायक अभियंता सोहन जांगिड़ के सरकारी क्वार्टर से जुड़ी है। बताया जा रहा है कि इंजीनियर किसी निजी काम से बाहर गए हुए थे और उनका आवास पूरी तरह खाली था। इसी खालीपन का फायदा उठाकर चोर ने ताला तोड़ा और घर के अंदर दाखिल हो गया।
सुबह जब मकान मालिक वापस लौटे, तो घर की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। सामान बिखरा पड़ा था और कई कीमती वस्तुएं गायब थीं, जिससे साफ हो गया कि घर में चोरी हो चुकी है।
Rajasthan News: चोरी के बीच चोर की ‘महफिल’
घर से सामान समेटते समय चोर की नजर एक महंगी शराब की बोतल पर पड़ी। इसके बाद उसने चोरी को कुछ देर के लिए रोककर घर को ही अपना ठिकाना बना लिया। चोर ने आराम से बैठकर पूरी शराब पी ली।हालांकि, मामला तब दिलचस्प हो गया जब उसे शराब के साथ खाने के लिए कुछ भी नहीं मिला। इसी बात से नाराज़ होकर चोर ने मकान मालिक के नाम एक संदेश लिख छोड़ा, जिसमें उसने शिकायत की कि अगर घर में शराब रखी जाती है, तो उसके साथ चखने का इंतजाम भी होना चाहिए।
दीवारों पर लिखी कहानी, नोट्स में फिल्मी अंदाज़
यहीं से चोर की डायलॉगबाज़ी शुरू होती है। उसने सिर्फ कागज पर ही नहीं, बल्कि घर की दीवारों पर भी लिपस्टिक से संदेश लिख डाले। इन संदेशों में उसने खुद को ऐसे पेश किया मानो वह किसी फिल्म का किरदार हो।चोर ने लिखा कि उसे ढूंढ पाना नामुमकिन होगा और अगर पुलिस में शिकायत की गई तो अंजाम बुरा हो सकता है। इसके साथ ही उसने यह भी जताया कि वह कोई जरूरी दस्तावेज नहीं ले जा रहा है।हैरानी की बात यह रही कि धमकियों के बीच चोर भावुक भी हो गया। उसने लिखा कि मजबूरी में उसने यह कदम उठाया और अगर वह जिंदा रहा तो इस एहसान को नहीं भूलेगा। इन शब्दों को पढ़कर पीड़ित परिवार सोच में पड़ गया कि चोर ने चोरी से ज्यादा समय लिखने और सोचने में लगाया।
Rajasthan News: पुलिस जांच में जुटी, सोशल मीडिया पर मज़ाक का दौर
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फिंगरप्रिंट सहित अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं। चोर द्वारा छोड़े गए संदेशों में पुलिस को दी गई खुली चुनौती ने इस केस को और गंभीर बना दिया है।
वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया पर यह मामला मज़ाक और तंज का विषय बन गया है। लोग चोर को लेखक, फिल्मी किरदार और ‘संस्कारी शराबी’ तक कह रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि आजकल चोर भी शराब के साथ पूरी सुविधा की उम्मीद रखने लगे हैं।
अनोखी चोरी, अनोखा सवाल
जैसलमेर की यह घटना यह सोचने पर मजबूर कर देती है कि अपराध के तरीके ही नहीं, अपराधियों का अंदाज़ भी बदल रहा है। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस अनोखे और डायलॉगबाज़ चोर तक कब पहुंच पाती है।
ये भी पढ़े: कैसे योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन से 47 हज़ार घरेलू महिलाएं आत्मनिर्भर बन हुईं लखपति ?







