UP News: अमरोहा नगर क्षेत्र के संभल अड्डे पर शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गरम पकौड़ी जल्दी देने को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में पकौड़ी का ठेला लगाने वाला युवक समेत दो लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अब जानें मामला…
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सैदनगली थाना क्षेत्र के कस्बा ऊझारी निवासी राजवीर पुत्र महेंद्र सिंह अमरोहा नगर के संभल अड्डे पर पकौड़ी का ठेला लगाता है। शुक्रवार दोपहर वह नगर के मोहल्ला खंकर वाला कुआं निवासी मोहम्मद आसिफ पुत्र वसीउल्ला को गरम पकौड़ी बनाकर दे रहा था। इसी दौरान सैदनगली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी तीन युवक बाइक से मौके पर पहुंचे और ठेला संचालक से पकौड़ी मांगने लगे।

आरोप है कि जब ठेला संचालक ने उन्हें कुछ देर इंतजार करने को कहा, तो युवक गाली-गलौज करने लगे। पकौड़ी खरीद रहे मोहम्मद आसिफ ने जब इसका विरोध किया और गाली देने से मना किया, तो आरोपियों ने पास में रखा पलटा (कड़छी) उठाकर उसके सिर पर वार कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आरोपियों ने ठेला संचालक राजवीर के साथ भी मारपीट की, जिससे वह भी घायल हो गया। मारपीट की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र होने लगे। भीड़ बढ़ती देख आरोपी युवक बाइक से फरार हो गए।
UP News: पुलिस ने मामले में क्या कहा?
घटना के बाद घायल अवस्था में दोनों पीड़ित कोतवाली पहुंचे, जहां उन्होंने एक नामजद सहित दो अज्ञात युवकों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए दोनों घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। चिकित्सकों ने मोहम्मद आसिफ की हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इस संबंध में कस्बा इंचार्ज राम प्रसाद ने बताया कि मारपीट के संबंध में तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश भी की जा रही है।
रिपोर्ट-मौ. अज़ीम







