KRK on Rajpal Yadav: राजपाल यादव से जुड़े कानूनी मामले में फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारे उनकी मदद के लिए सामने आ रहे हैं, लेकिन इसी बीच इस केस में एक नया विवाद सामने आया है। अभिनेता कमाल आर खान (केआरके) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दावा किया है कि राजपाल यादव के पास करोड़ों की संपत्ति होने के बावजूद वह अपना कर्ज चुकाना नहीं चाहते।
पत्नी जेल से बाहर क्यों?
केआरके का कहना है कि राजपाल यादव के पास लगभग 50 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी है, इसके बावजूद उन्होंने कई लोगों से लिया गया लोन वापस नहीं किया। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि जब यह केस राजपाल यादव और उनकी पत्नी दोनों के खिलाफ है, तो फिर उनकी पत्नी को जेल क्यों नहीं हुई।

KRK on Rajpal Yadav: 50 करोड़ की संपत्ति और लोन विवाद
कमाल आर खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यह चेक बाउंस और कर्ज का मामला पति-पत्नी दोनों से जुड़ा है, लेकिन जेल सिर्फ राजपाल यादव को हुई। केआरके के अनुसार, उनके एक दोस्त ने राजपाल यादव की ओर से 1.50 करोड़ रुपये चुका दिए थे, जिसकी वजह से उनकी पत्नी जेल से बाहर हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि कुछ समय पहले राजपाल यादव उनके एक दोस्त का अपार्टमेंट खरीदने वाले थे और उसी दौरान यह बात सामने आई कि उनके पास काफी संपत्ति है। केआरके का दावा है कि राजपाल यादव के बड़े भाई भी यही कह रहे हैं कि पैसा होने के बावजूद लोन नहीं चुकाया जा रहा। फिलहाल राजपाल यादव चेक बाउंस केस में तिहाड़ जेल में बंद हैं।

2010 का लोन और फिल्म फ्लॉप
यह पूरा मामला साल 2010 से जुड़ा है, जब राजपाल यादव ने अपनी पहली निर्देशित फिल्म ‘अता पता लापता’ बनाने के लिए करीब 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही और इसके बाद लोन की रकम वापस नहीं की जा सकी। समय के साथ ब्याज और जुर्माना जुड़ने से यह रकम करीब 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
राजपाल यादव और उनकी पत्नी की ओर से दिए गए कई चेक बाउंस हो गए, जिसके कारण उनके खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए। साल 2018 में कोर्ट ने उन्हें दोषी ठहराते हुए 6 महीने की सजा सुनाई थी। दिल्ली हाई कोर्ट ने कई बार समझौते और भुगतान के लिए समय दिया, लेकिन जब पैसा जमा नहीं हुआ तो फरवरी 2026 में सरेंडर करने का आदेश दिया गया। इसके बाद राजपाल यादव 5 फरवरी को तिहाड़ जेल पहुंचे।
सेलेब्स ने की आर्थिक मदद
इस मुश्किल समय में फिल्म इंडस्ट्री के कई लोग उनकी मदद के लिए आगे आए हैं। अभिनेता सोनू सूद, इंद्रजीत और प्रोड्यूसर इंद्रजीत सिंह सहित कई सेलेब्स ने आर्थिक रूप से राजपाल यादव का सहयोग किया है।







