WhatsApp Web: आज के समय में WhatsApp हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन गया है। दोस्तों और परिवार से बातचीत करनी हो, ऑफिस का काम निपटाना हो या फिर फोटो और डॉक्यूमेंट शेयर करने हों, ज्यादातर लोग इसी ऐप का इस्तेमाल करते हैं। यही वजह है कि कई लोग मोबाइल के साथ-साथ लैपटॉप और कंप्यूटर पर भी WhatsApp Web चलाते हैं।ऑफिस में काम करते समय WhatsApp Web को लगातार खुला रखना आम बात है, लेकिन आपकी यह आदत परेशानी का कारण बन सकती है। दरअसल, गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने WhatsApp Web के इस्तेमाल को लेकर चेतावनी जारी की है। एजेंसी के मुताबिक, छोटी सी लापरवाही से आपका WhatsApp अकाउंट किसी दूसरे व्यक्ति की पहुंच में आ सकता है।
एडवाइजरी में क्या कहा गया?
I4C का कहना है कि अगर आपने किसी कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉगइन किया है और काम खत्म होने के बाद ठीक से लॉगआउट नहीं किया, तो कोई दूसरा व्यक्ति आपके अकाउंट का गलत इस्तेमाल कर सकता है। ऐसी स्थिति में वह आपकी निजी बातचीत, कॉन्टैक्ट्स और दूसरी जानकारियां देख सकता है।I4C की नेशनल साइबर क्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) ने 18 नवंबर 2026 को जारी एडवाइजरी में बताया कि कंप्यूटर पर WhatsApp Web का एक्टिव सेशन साइबर सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। अगर किसी दूसरे व्यक्ति को इस सेशन तक पहुंच मिल जाती है, तो वह आपके अकाउंट में मौजूद मैसेज पढ़ने के साथ-साथ आपकी पहचान का इस्तेमाल करके दूसरों को मैसेज भी भेज सकता है।
WhatsApp Web खुला छोड़ने से कैसे हो सकता है नुकसान?
अगर किसी अनजान व्यक्ति को आपके WhatsApp Web का एक्सेस मिल जाता है, तो वह आपके दोस्तों, रिश्तेदारों और ऑफिस के सहकर्मियों के साथ हुई बातचीत पढ़ सकता है। इतना ही नहीं, वह आपके अकाउंट से किसी को भी मैसेज भेज सकता है।इसका नुकसान सिर्फ आपकी प्राइवेसी तक सीमित नहीं है, बल्कि आपको आर्थिक नुकसान भी हो सकता है। उदाहरण के लिए, कोई व्यक्ति आपके WhatsApp अकाउंट से आपके दोस्त या रिश्तेदार को मैसेज करके पैसों की मांग कर सकता है। चूंकि मैसेज आपके असली नंबर से भेजा गया होगा, इसलिए सामने वाला व्यक्ति उस पर भरोसा करके पैसे ट्रांसफर कर सकता है। इसी तरह आपके जानने वालों को फर्जी लिंक भेजकर उन पर क्लिक करवाने या उनकी निजी जानकारी हासिल करने की कोशिश भी की जा सकती है। साइबर अपराधी अक्सर लोगों के इसी भरोसे का फायदा उठाते हैं।
सिर्फ ब्राउजर बंद करने से नहीं होगा लॉगआउट
एडवाइजरी में सबसे जरूरी बात यह बताई गई है कि WhatsApp Web का टैब या ब्राउजर बंद कर देने से अकाउंट लॉगआउट नहीं होता। ज्यादातर लोगों को लगता है कि लैपटॉप पर क्रोम या किसी दूसरे ब्राउजर की विंडो बंद करते ही उनका WhatsApp भी बंद हो गया होगा, लेकिन ऐसा नहीं है।अगर आपने WhatsApp Web में जाकर लॉगआउट का विकल्प नहीं चुना है, तो आपका अकाउंट उस कंप्यूटर से जुड़ा रह सकता है। ऐसे में जब कोई दूसरा व्यक्ति उसी सिस्टम का इस्तेमाल करेगा, तो उसे आपके WhatsApp अकाउंट तक पहुंच मिल सकती है। इसलिए ऑफिस या किसी दूसरे कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करने के बाद सिर्फ ब्राउजर बंद करके न जाएं। पहले WhatsApp Web में मेन्यू खोलें और लॉगआउट के विकल्प पर क्लिक करें।

ऑफिस और साइबर कैफे के कंप्यूटर पर ज्यादा सावधानी जरूरी
अपने निजी लैपटॉप पर WhatsApp चलाना और किसी साझा कंप्यूटर पर इसका इस्तेमाल करना अलग-अलग बातें हैं। घर के कंप्यूटर पर आमतौर पर आपका नियंत्रण रहता है, लेकिन ऑफिस, साइबर कैफे और होटल के कंप्यूटर का इस्तेमाल कई लोग कर सकते हैं। ऐसे में आपको जानकारी नहीं होती कि आपके बाद उस सिस्टम का इस्तेमाल कौन करेगा और वह किन अकाउंट या फाइलों तक पहुंच सकता है।इसी वजह से I4C ने सार्वजनिक और साझा कंप्यूटरों पर WhatsApp Web लॉगइन करने से बचने की सलाह दी है। एडवाइजरी में साइबर कैफे, सार्वजनिक कियोस्क, होटल के बिजनेस सेंटर और किसी दूसरे व्यक्ति से उधार लिए गए कंप्यूटर पर खास सावधानी बरतने को कहा गया है। इसके अलावा ऐसे कंप्यूटर पर सरकारी दस्तावेज, बैंकिंग से जुड़ी जानकारी, ऑफिस का गोपनीय डेटा और दूसरी संवेदनशील चीजें शेयर करने से भी बचना चाहिए।
मोबाइल से ऐसे चेक करें कहां-कहां लॉगइन है आपका WhatsApp
अगर आप नियमित रूप से लैपटॉप या कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करते हैं, तो अपने मोबाइल में लिंक्ड डिवाइसेज की लिस्ट समय-समय पर चेक करते रहें। इससे आपको पता चल जाएगा कि आपका WhatsApp अकाउंट किन-किन डिवाइस से जुड़ा हुआ है।इसके लिए एंड्रॉयड यूजर्स को WhatsApp खोलकर ऊपर दाईं तरफ दिए गए तीन डॉट वाले मेन्यू पर जाना होगा। यहां लिंक्ड डिवाइसेज का विकल्प मिलेगा। वहीं, आईफोन इस्तेमाल करने वाले यूजर्स WhatsApp की सेटिंग्स में जाकर लिंक्ड डिवाइसेज पर टैप कर सकते हैं।इसके बाद स्क्रीन पर आपके अकाउंट से जुड़े सभी डिवाइस दिखाई देंगे। अगर लिस्ट में कोई ऐसा कंप्यूटर या डिवाइस नजर आता है, जिसे आप नहीं पहचानते या जिस पर अब WhatsApp इस्तेमाल नहीं करते, तो उसे चुनकर लॉगआउट कर दें। इससे आपके अकाउंट से उस डिवाइस का कनेक्शन हट जाएगा।
WhatsApp Web इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान
साइबर सुरक्षा के लिए थोड़ी सी सावधानी आपको बड़े नुकसान से बचा सकती है। I4C ने सलाह दी है कि WhatsApp Web को जरूरत पड़ने पर ही लॉगइन करें और काम पूरा होते ही अकाउंट से लॉगआउट कर दें। किसी अनजान या सार्वजनिक कंप्यूटर पर क्यूआर कोड स्कैन करके अपना WhatsApp अकाउंट लिंक करने से बचें।इसके अलावा अपने मोबाइल, लैपटॉप, ऑपरेटिंग सिस्टम और ब्राउजर को समय-समय पर अपडेट करते रहें। कंप्यूटर में इस्तेमाल होने वाले सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर को भी अपडेट रखना जरूरी है। किसी अनजान वेबसाइट से फाइल डाउनलोड न करें, संदिग्ध लिंक न खोलें और क्रैक्ड सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करने से बचें।अगर कभी आपको पता चलता है कि आपके WhatsApp अकाउंट से ऐसा कोई मैसेज भेजा गया है, जिसे आपने खुद नहीं लिखा, तो इसे नजरअंदाज न करें। तुरंत लिंक्ड डिवाइसेज की लिस्ट में जाकर सभी अनजान सेशन चेक करें और जरूरत पड़ने पर उन्हें लॉगआउट कर दें।WhatsApp Web का इस्तेमाल करना गलत नहीं है, लेकिन इसे लेकर की गई लापरवाही आपकी निजी बातचीत और अकाउंट की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती है। खासकर ऑफिस या सार्वजनिक कंप्यूटर पर WhatsApp चलाते समय सावधानी बरतना जरूरी है। याद रखें, ब्राउजर बंद करना और WhatsApp से लॉगआउट करना दो अलग-अलग चीजें हैं। इसलिए काम खत्म होने के बाद अकाउंट से लॉगआउट करना न भूलें।








