ख़बर का असर

Home » नई दिल्ली » सेवा तीर्थ में PM मोदी का पहला साइन किन फाइलों पर?

सेवा तीर्थ में PM मोदी का पहला साइन किन फाइलों पर?

सेवा तीर्थ में PM मोदी का पहला साइन किन फाइलों पर?

Seva Teerth: देश की प्रशासनिक व्यवस्था में आज एक ऐतिहासिक बदलाव दर्ज हुआ जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने नए कार्यालय सेवा तीर्थ का औपचारिक उद्घाटन किया। अब प्रधानमंत्री कार्यालय रायसीना हिल स्थित South Block से स्थानांतरित होकर आधुनिक सुविधाओं से लैस ‘सेवा तीर्थ’ में कार्य करेगा। इस नए परिसर में प्रधानमंत्री कार्यालय के साथ-साथ नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल सचिवालय और कैबिनेट सचिवालय भी संचालित होंगे।उद्घाटन के तुरंत बाद प्रधानमंत्री ने कई अहम जनहितकारी प्रस्तावों पर हस्ताक्षर कर नई कार्य संस्कृति की शुरुआत की। इन निर्णयों में समाज के हर वर्ग महिलाओं, युवाओं, किसानों और कमजोर तबकों को सशक्त बनाने की स्पष्ट झलक दिखाई दी।

सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए बड़ी राहत

‘सेवा तीर्थ’ में प्रधानमंत्री द्वारा स्वीकृत पहली फाइल एक नई राहत योजना से जुड़ी थी जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को तत्काल और बिना किसी आर्थिक बोझ के उपचार उपलब्ध कराना है। इस योजना के तहत दुर्घटना पीड़ितों को डेढ़ लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज सुनिश्चित किया जाएगा। सरकार का मानना है कि समय पर उपचार न मिलने से होने वाली मौतों को रोकने में यह पहल मील का पत्थर साबित होगी। युवाओं और आम नागरिकों के लिए यह निर्णय जीवनरक्षक कदम माना जा रहा है।

Seva Teerth: ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक मजबूती की नई उड़ान

महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी सरकार ने बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है। लखपति दीदी अभियान ने निर्धारित समय से पहले तीन करोड़ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का लक्ष्य हासिल कर लिया था। अब इस अभियान का दायरा बढ़ाकर मार्च 2029 तक छह करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का नया लक्ष्य तय किया गया है। इस फैसले से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं की आय और आत्मनिर्भरता दोनों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की उम्मीद है।

Seva Teerth: किसानों के लिए दोगुना हुआ कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर फंड

कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से सरकार ने कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर फंड की राशि को एक लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर दो लाख करोड़ रुपये कर दिया है। इस विस्तार से खेती से जुड़ी पूरी मूल्य श्रृंखला—उत्पादन, भंडारण, प्रसंस्करण और विपणन को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। बेहतर गोदाम, कोल्ड स्टोरेज और सप्लाई चेन विकसित होने से किसानों की आय में वृद्धि और फसल के नुकसान में कमी आने की संभावना है।युवाओं और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए ‘स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स 2.0’ के तहत 10,000 करोड़ रुपये का नया कोष मंजूर किया गया है। यह पहल विशेष रूप से डीप टेक, उन्नत विनिर्माण, शुरुआती चरण के स्टार्टअप और क्रांतिकारी तकनीकों को समर्थन देगी। इससे देश के नवप्रवर्तकों को अपने विचारों को वास्तविकता में बदलने के लिए आवश्यक वित्तीय सहयोग और प्रोत्साहन मिलेगा।

Seva Teerth: सेवा की भावना से प्रशासन की नई दिशा

‘सेवा तीर्थ’ से लिए गए इन फैसलों को सरकार ने सेवा और समर्पण की भावना से प्रेरित बताया है। नए कार्यालय से शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री ने स्पष्ट संकेत दिया है कि आने वाले समय में प्रशासनिक ढांचा अधिक समन्वित, आधुनिक और जनकेंद्रित होगा।देश की राजनीति और शासन व्यवस्था में यह कदम केवल स्थान परिवर्तन नहीं, बल्कि कार्यशैली में बदलाव और विकास की नई सोच का प्रतीक माना जा रहा है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Live Video

लाइव क्रिकट स्कोर

Khabar India YouTubekhabar india YouTube poster

राशिफल