Mental Health Tips: तेज़ रफ्तार जीवनशैली और काम के दबाव के बीच मानसिक स्वास्थ्य को संतुलित रखना आज बड़ी चुनौती बन गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि शरीर के साथ मन को स्वस्थ रखना भी उतना ही आवश्यक है, क्योंकि मानसिक स्थिरता सीधे कार्यक्षमता और जीवन की गुणवत्ता को प्रभावित करती है।
मानसिक संतुलन से बढ़ती है कार्यक्षमता
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अनुसार, अच्छा मानसिक स्वास्थ्य व्यक्ति को तनाव से बेहतर ढंग से निपटने, सही निर्णय लेने और कार्यस्थल पर बेहतर प्रदर्शन करने में मदद करता है। मानसिक रूप से सशक्त व्यक्ति अपने काम में अधिक एकाग्र और उत्पादक रहता है।
Mental Health Tips: दिनचर्या में शामिल करें ये आसान उपाय
विशेषज्ञों के अनुसार, नियमित व्यायाम, संतुलित एवं पौष्टिक आहार और पर्याप्त नींद मानसिक स्वास्थ्य की बुनियाद हैं। सोने से पहले मोबाइल और अन्य स्क्रीन से दूरी बनाना भी आवश्यक है, क्योंकि अत्यधिक उपयोग नींद और मन दोनों को प्रभावित करता है।
Mental Health Tips: सकारात्मक सोच और आभार की भावना
मनोविज्ञान बताता है कि छोटी-छोटी खुशियां मन को ऊर्जा देती हैं। दूसरों के प्रति आभार व्यक्त करना, धन्यवाद कहना और प्रशंसा करना मानसिक संतुलन बनाए रखने में सहायक है। पुस्तक पढ़ना, कहानियां सुनना या डायरी लिखना भी मन को हल्का करता है।
परिवार, योग और नई रुचियां
परिवार और मित्रों के साथ समय बिताना, पारिवारिक गतिविधियों में शामिल होना और प्रतिदिन योग एवं ध्यान का अभ्यास करना मन को स्थिर करता है। सामाजिक माध्यमों का सीमित उपयोग करें और अनावश्यक समय नष्ट करने से बचें। नई कला या रुचि जैसे चित्रकारी, बागवानी या संगीत अपनाना भी मानसिक ऊर्जा को बढ़ाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि आवश्यकता महसूस हो तो चिकित्सक या परामर्शदाता से संपर्क करने में संकोच नहीं करना चाहिए। छोटी-छोटी सकारात्मक आदतें अपनाकर मन को ताज़ा और संतुलित रखा जा सकता है।
यह भी पढे़ : Sleep Health: नींद की कमी से दिमाग-दिल पर खतरा






