MP NEWS: यौन शोषण के गंभीर आरोपों में घिरे महामंडलेश्वर एवं कथावाचक उत्तम स्वामी को लेकर रहस्य गहराता जा रहा है। उनके मूवमेंट को लेकर आश्रम से लेकर आयोजन स्थल तक तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। शनिवार को दिनभर यह सवाल उठता रहा कि वे आश्रम में मौजूद हैं या फिर कहीं चले गए हैं।
स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद नहीं की कथा
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को अचानक महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी का स्वास्थ्य बिगड़ गया था, जिसके चलते वे निर्धारित समय पर भागवत कथा नहीं कर सके। घंटों की देरी के बाद उनके एक शिष्य ने मंच संभालते हुए कथा का संचालन किया। इसके बाद से ही उनकी सार्वजनिक मौजूदगी पर सवाल उठने लगे।
MP NEWS: शनिवार को उड़ती रही ‘गायब’ होने की अफवाह
शनिवार को यह खबर तेजी से फैली कि महामंडलेश्वर अपने आश्रम से गायब हो गए हैं। कुछ लोगों का दावा रहा कि वे आयोजन स्थल छोड़कर कहीं और चले गए हैं, जबकि उनके समर्थकों का कहना है कि खराब स्वास्थ्य के चलते वे अपने कक्ष में ही आराम कर रहे हैं और बाहर नहीं निकले।
आधिकारिक पुष्टि नहीं, बढ़ता जा रहा रहस्य
महामंडलेश्वर की वास्तविक स्थिति को लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। वे जबलपुर स्थित आश्रम में मौजूद हैं या नहीं, इसे लेकर प्रशासन या आश्रम प्रबंधन की ओर से कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। यही वजह है कि मामला और अधिक रहस्यमय बनता जा रहा है।
MP NEWS: युवती ने लगाए यौन शोषण के आरोप
गौरतलब है कि राजस्थान निवासी एक युवती ने महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी पर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने 12 फरवरी को दिल्ली पुलिस को ई-मेल भेजकर सुरक्षा की मांग की थी। उसका आरोप है कि एफआईआर कराने की जानकारी सामने आने के बाद से उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं।
भागवत कथा और आरोपों का संयोग बढ़ा रहा सवाल
भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के हीरापुर स्थित आश्रम में 15 फरवरी तक भागवत कथा का आयोजन चल रहा है। इसी दौरान अचानक स्वास्थ्य खराब होना, मंच से दूरी बनाना और फिर गायब होने की चर्चाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस कार्रवाई और आधिकारिक बयान पर टिकी हुई हैं।






