UP News: अमरोहा जिले के रजबपुर थाना क्षेत्र के पपसरा गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब 35 वर्षीय किसान शीशपाल सिंह का शव गांव से कुछ दूरी पर स्थित आम के बाग में पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, शीशपाल सिंह रविवार सुबह करीब सात बजे घर से निकले थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार के लोगों ने पहले आसपास के इलाकों में तलाश की और परिचितों से संपर्क किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से खोजबीन शुरू की गई। तलाश के दौरान गांव से कुछ दूरी पर स्थित आम के बाग में उनका शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कोमल तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल को घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद के निर्देश पर अंगुली छाप विशेषज्ञों और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
मामले में क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- मौ. अज़ीम






