Delhi news: दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-24 इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक महिला फिजियोथेरेपिस्ट पर उसके ही रिश्तेदार ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए लड़की के कपड़े पहने और क्लिनिक में घुसकर चाकू से हमला कर दिया। फिलहाल पीड़िता की हालत गंभीर बनी हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
Delhi news: लड़की के भेष में क्लिनिक पहुंचा आरोपी
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी पूरी तैयारी के साथ सेक्टर-24 स्थित क्लिनिक पहुंचा था। किसी को शक न हो, इसके लिए उसने महिला के कपड़े पहन रखे थे। क्लिनिक में दाखिल होते ही उसने मौका देखकर महिला फिजियोथेरेपिस्ट पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए इस हमले से क्लिनिक में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग दहशत में आ गए। हमले के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन घायल महिला की चीखें सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत वहां पहुंच गए। लोगों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया। पकड़ने के बाद पता चला कि लड़की के कपड़ों में छिपा शख्स दरअसल पुरुष है। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और आरोपी को उनके हवाले कर दिया।
पीड़िता की हालत नाजुक
Delhi news: हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू और कुछ अन्य सामान बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पीड़िता का जीजा है। हालांकि हमले के पीछे की असली वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
ये भी पढ़े: योगी सरकार का बड़ा संकेत, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों की सैलरी बढ़ाने पर मंथन






