Pawtucket Arena Shooting: अमेरिका के रोड आइलैंड राज्य के पावकेट शहर स्थित एक आइस हॉकी एरिना में हुई गोलीबारी की घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार मृतकों में हमलावर भी शामिल है, जिसने घटना को अंजाम देने के बाद खुद को गोली मार ली।
स्कूल हॉकी कार्यक्रम के दौरान मची अफरा-तफरी
यह घटना डेनिस एम. लिंच एरिना में हुई, जहां कई स्कूलों के छात्रों की भागीदारी वाला हॉकी कार्यक्रम चल रहा था। घटना के समय एरिना में बड़ी संख्या में छात्र और उनके अभिभावक मौजूद थे, जिससे गोलीबारी के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
Pawtucket Arena Shooting: बच्ची की भी मौत
सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि हमलावर ने संभवतः अपने ही परिवार के सदस्यों को निशाना बनाया। मृतकों में एक छोटी बच्ची भी शामिल है। गोली लगने से घायल तीनों लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस ने इलाके को घेरा, छात्रों की सुरक्षित निकासी
पावकेट पुलिस प्रमुख टीना गोंकाल्वेस ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया। कार्यक्रम में शामिल सभी स्कूलों ने पुष्टि की है कि उनके सभी छात्र सुरक्षित हैं, और उन्हें उनके परिवारों से मिलाने की व्यवस्था की जा रही है।
Pawtucket Arena Shooting: गवर्नर ने जताया शोक, स्टेट पुलिस तैनात
रोड आइलैंड के गवर्नर डैन मैक्की ने सोशल मीडिया पर बताया कि रोड आइलैंड स्टेट पुलिस स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा, “मैं इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के लिए प्रार्थना करता हूं।”
शहर और क्षेत्र की पृष्ठभूमि
गौरतलब है कि पावकेट, प्रोविडेंस के ठीक उत्तर में और मैसाचुसेट्स की सीमा के पास स्थित है। लगभग 75,000 की आबादी वाला यह शहर रोड आइलैंड का चौथा सबसे बड़ा शहर है।
Pawtucket Arena Shooting: पहले भी हो चुकी है गोलीबारी की घटना
यह घटना रोड आइलैंड में कुछ महीने पहले हुई गोलीबारी के बाद सामने आई है। दिसंबर में प्रोविडेंस स्थित ब्राउन यूनिवर्सिटी की एक इमारत में हुई फायरिंग में दो छात्रों की मौत हो गई थी और नौ लोग घायल हुए थे। घटना के बाद एरिना के आसपास की सड़कों को बंद कर दिया गया है और पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है। हेलीकॉप्टर से भी निगरानी की जा रही है।
ये भी पढ़े… टप्पल में 17 फरवरी को भव्य दंगल, प्रथम पुरस्कार ₹51,000 दंगल आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह चरम पर






