Chhatarpur Interreligious Marriage: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र से कुछ दिन पहले लापता हुई दो मुस्लिम युवतियों ने पांच दिन बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर सभी को चौंका दिया। इन दोनों चचेरी बहनों ने वीडियो में बताया कि उन्होंने हिंदू चचेरे भाइयों से अपनी मर्जी से शादी कर ली है। वीडियो में वे अपने-अपने पतियों के साथ नजर आ रही हैं। दोनों ने यह भी कहा कि उन्हें अपने मायके पक्ष से जान का खतरा है, इसलिए नौगांव थाना प्रभारी और पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा की मांग की है।

बैंक जाने के बाद अचानक लापता
जानकारी के अनुसार, नौगांव थाना क्षेत्र की ये दोनों युवतियां घर से बैंक जाने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटीं। जब काफी समय तक उनका कोई पता नहीं चला तो परिवार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। दोनों के मोबाइल फोन बंद थे, जिससे उनकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो सकी। इस वजह से परिवार और समाज के लोग बेहद चिंतित थे।
Chhatarpur Interreligious Marriage: सोमवार को वीडियो आया सामने
इसी बीच सोमवार को सोशल मीडिया पर उनका वीडियो सामने आया। वीडियो में एक युवती अनघा ने कहा कि उसने अपनी इच्छा से हेमंत जोशी से विवाह किया है और वह उनके साथ खुश है। उसने आरोप लगाया कि उसके मायके वाले उसके पति और ससुराल वालों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए उसने पुलिस अधीक्षक और नौगांव थाना प्रभारी से सुरक्षा देने की अपील की। उसने यह भी कहा कि यदि उनके साथ कुछ भी गलत होता है तो उसके लिए मायके वाले जिम्मेदार होंगे।
परिवार ने नाबालिग होने का दावा किया
दूसरी युवती सकीना ने भी वीडियो में कहा कि वह अपनी शादी से खुश है। उसने अपने परिवार से अनुरोध किया कि उसके पति और ससुराल पक्ष को परेशान न किया जाए।
वहीं, परिवार की ओर से दर्ज कराई गई गुमशुदगी की शिकायत में दोनों लड़कियों को नाबालिग बताया गया है। परिवार का आरोप है कि पुलिस इस मामले में गंभीरता से काम नहीं कर रही है। इस मुद्दे को लेकर समाज के महिला और पुरुष थाने पहुंचे और विरोध प्रदर्शन भी किया। अब यह मामला पुलिस जांच के साथ-साथ सामाजिक और कानूनी रूप से भी चर्चा का विषय बन गया है।
ये भी पढ़ें… गंधराज के औषधीय गुणों की बढ़ी मांग, जानिए इसके फायदे






