Bihar News: सीतामढ़ी से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। एक युवक को जहरीले सांप ने उस समय काट लिया जब वह उसे दूध पिलाने की कोशिश कर रहा था। हैरानी की बात यह रही कि सर्पदंश के बाद युवक ने घबराने के बजाय सांप को ही पकड़ लिया, उसे एक डब्बे में बंद किया और सीधे सदर अस्पताल पहुंच गया।
सपना बना घटना की वजह
मिली जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान मुकेश पासवान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मुकेश को रात में एक अजीब सपना आया, जिसमें एक सांप उससे दूध पिलाने की मांग कर रहा था। सपने से जागने के बाद मुकेश इसे इशारा मान बैठा। देर रात वह दूध लेकर उसी स्थान की ओर निकल पड़ा, जो उसने सपने में देखा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हैरानी की बात यह रही कि जिस जगह का जिक्र युवक ने किया, वहां वास्तव में एक जहरीला सांप दिखाई दिया। मुकेश ने बिना देर किए उसे दूध पिलाने की कोशिश की। इसी दौरान सांप ने उसे काट लिया।

Bihar News: बहादुरी या लापरवाही?
सांप के काटने के बाद आमतौर पर लोग घबरा जाते हैं, लेकिन मुकेश ने साहस (या कहें जोखिम भरा कदम) दिखाते हुए सांप को पकड़ लिया और एक डब्बे में बंद कर लिया। इसके बाद वह तुरंत सदर अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। समय पर उपचार मिलने से उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई। जब लोगों को पता चला कि युवक सांप को भी साथ लेकर अस्पताल पहुंचा है, तो अस्पताल परिसर में उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। डब्बे में बंद जहरीले सांप को देखने के लिए उत्सुक लोगों की होड़ लग गई।
Report BY: अमित कुमार
ये भी पढ़े… रोहतास में सड़क दुर्घटना में LIC कर्मी की दर्दनाक मौत, परिजनों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन






