Bihar News: बिहार के बक्सर जिले में मंगलवार की रात एक शादी समारोह में दिल दहला देने वाली घटना हुई। नगर चौसा पंचायत के मल्लाह टोला में दुल्हन आरती कुमारी (18) को उसकी शादी के दौरान सरेआम गोली मार दी गई। शादी में अफरा-तफरी मच गई और आनन-फानन में उसे पहले सदर अस्पताल और फिर गंभीर हालत में बनारस रेफर कर दिया गया।
स्टेज पर दुल्हन को मारी गोली
सूचना के अनुसार, बलिया जिले के सुलेमनपुर गांव से आई बारात बक्सर के चौसा में जयमाला की रस्म के दौरान स्टेज पर खड़ी दुल्हन आरती के पेट में अचानक गोली लगी। आरती के पास खड़े लोग और स्टेज पर मौजूद अन्य लोग डर के मारे चीख-पुकार करने लगे। आरती ने अपने जख्म को दिखाते हुए कहा कि उसे गोली दीनबंधु नामक युवक ने मारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दीनबंधु दुल्हन का पड़ोसी है और दोनों का यह मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है। आरती के परिवार ने बताया कि युवक उनकी बेटी से एकतरफा प्रेम करता था, जबकि उनकी बेटी का उससे कोई संबंध नहीं था।

प्रेम प्रसंग और पुराना विवाद
पड़ोसियों और परिवार के अनुसार, युवक और लड़की का करीब दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। एक साल पहले भी लड़की की शादी तय हुई थी, लेकिन दीनबंधु द्वारा लड़के वाले परिवार को फोन कर परेशान करने के कारण शादी तोड़ दी गई थी। आरोपी युवक फिलहाल फरार है और पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। आरोपी के घर को पुलिस ने खाली करवा कर सील कर दिया है। अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए शादी में मौजूद सभी लोगों से पूछताछ की जाएगी।
दुल्हन की हालत गंभीर
दुल्हन आरती की हालत नाजुक बताई जा रही है। उसे बनारस रेफर किया गया है और उसका ऑपरेशन जारी है। परिवार और ग्रामीण घटना के बाद सदमे में हैं और इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रेम प्रसंग से जुड़ी यह घटना स्थानीय प्रशासन और पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करें।
ये भी पढ़े… सीतामढ़ी में अनोखा मामला: सर्पदंश के बाद सांप समेत सदर अस्पताल पहुंचा युवक, फिर जो हुआ हो गया वायरल






