Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नगीना इलाके में गुरुवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक निजी अस्पताल में घुसकर अज्ञात बदमाश ने अस्पताल संचालक डॉ. राजकुमार को गोली मार दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल डॉक्टर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और अस्पताल के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बाइक से आया था हमलावर, सीधे केबिन में घुसकर मारी गोली
जानकारी के मुताबिक, नगीना के धामपुर रोड स्थित शिवालय हेल्थ केयर सेंटर के संचालक डॉ. राजकुमार गुरुवार शाम करीब 7 बजे अपने केबिन में मौजूद थे। इसी दौरान बाइक से एक युवक अस्पताल पहुंचा।
बताया जा रहा है कि युवक सीधे डॉक्टर के केबिन में घुस गया और कुछ ही पलों में डॉ. राजकुमार के सीने में गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर अस्पताल स्टाफ और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुका था।
Uttar Pradesh: इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन बच नहीं सके डॉक्टर
गोली लगने के बाद डॉक्टर को गंभीर हालत में तुरंत नगीना के सीएचसी ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर की मौत की खबर फैलते ही अस्पताल और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
Uttar Pradesh: 4 साल से चला रहे थे अस्पताल
बताया जा रहा है कि डॉ. राजकुमार मूल रूप से गाजियाबाद के रहने वाले थे और बाल रोग विशेषज्ञ थे। उनके पास एमडी की डिग्री थी। वह पिछले करीब चार साल से नगीना के धामपुर रोड पर शिवालय हेल्थ केयर सेंटर का संचालन कर रहे थे और इलाके में उनकी अच्छी पहचान थी।
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावर की पहचान की जा सके।
एसपी ग्रामीण प्रकाश कुमार ने बताया कि डॉक्टर की अस्पताल में घुसकर गोली मारकर हत्या की गई है। मौके पर फील्ड यूनिट की टीम को भी बुलाया गया है और आरोपी की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि हमलावर अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया है, जिसकी जांच की जा रही है।फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। परिजनों के आने के बाद उनकी तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा।
यह भी पढे़….एक हफ्ते बाद होश में आए सलीम वास्तिक डॉक्टरों की आशंका – शायद खो देंगे अपनी आवाज






