Khandwa News: मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में एक विवादित इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर गुरुवार देर शाम बड़ा विवाद खड़ा हो गया। पैगम्बर साहब पर कथित अमर्यादित टिप्पणी किए जाने के बाद बड़ी संख्या में मुस्लिम युवक मोघट थाना पहुंच गए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। मामले में पुलिस ने 22 नामजद और 25 अज्ञात लोगों सहित कुल 47 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सोशल मीडिया पोस्ट से भड़का मामला
जानकारी के अनुसार प्रभाकर शिंदे नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट से पैगम्बर साहब को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। इस पोस्ट के सामने आने के बाद स्थानीय मुस्लिम युवाओं में आक्रोश फैल गया। सिंघाड़ तलाई निवासी मुजाहिद कुरेशी ने इस संबंध में मोघट थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 के तहत मामला दर्ज करते हुए प्रभाकर शिंदे को गिरफ्तार कर लिया।
Khandwa News: थाने में धरना और नारेबाजी
आरोपी की गिरफ्तारी के बावजूद विरोध कर रहे युवाओं का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उन्होंने आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग करते हुए थाने के बाहर नारेबाजी शुरू कर दी और वहीं धरने पर बैठ गए। भीड़ बढ़ने के साथ स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने समझाइश देकर भीड़ को हटाने की कोशिश की, लेकिन जब हंगामा बढ़ने लगा तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया।
भारी पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली और पदमनगर थाने का पुलिस बल तथा रिजर्व फोर्स भी मौके पर पहुंच गया। इसके अलावा एएसपी, सीएसपी, एडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट और तहसीलदार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रण में लिया।
Khandwa News: 47 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस
घटना के बाद पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने, हथियार लेकर बवाल करने, सरकारी कर्मचारियों को चोट पहुंचाने और रास्ता रोकने जैसी गंभीर धाराओं में 22 नामजद और 25 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इन पर बीएनएस की धारा 121(1), 125, 126(2), 132, 190 और 191(3) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े… गुजरात में बड़ा फेरबदल, अशोक यादव बने स्टेट IB चीफ






