Delhi news: राजधानी दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में द्वारका जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 नाइजीरियाई नागरिकों को पकड़ा है। ये सभी बिना वैध वीजा और जरूरी दस्तावेजों के भारत में रह रहे थे। दिल्ली पुलिस के अनुसार अब इन सभी को उनके देश वापस भेजने यानी डिपोर्ट करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई
द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह के नेतृत्व में ऑपरेशन यूनिट और स्थानीय थाना पुलिस को इलाके में रह रहे विदेशी नागरिकों के दस्तावेजों की जांच करने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस को इनपुट मिल रहे थे कि कुछ विदेशी नागरिक बिना वैध वीजा के यहां रह रहे हैं और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हो सकते हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने अभियान चलाया।
Delhi news: ऐसे पकड़े गए विदेशी नागरिक
पुलिस ने इस ऑपरेशन के लिए दो अलग-अलग टीमें बनाई थीं। पहली टीम उत्तम नगर थाने की थी, जिसने इलाके में कार्रवाई करते हुए तीन नाइजीरियाई नागरिकों को हिरासत में लिया। जांच के दौरान पता चला कि इनका वीजा काफी समय पहले ही समाप्त हो चुका था। वहीं द्वारका जिले की एंटी नारकोटिक्स सेल ने भी कार्रवाई करते हुए दो अन्य नाइजीरियाई नागरिकों को पकड़ा। इनके पास भी भारत में रहने के लिए कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद सभी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।
Delhi news: डिटेंशन सेंटर भेजा गया
दिल्ली पुलिस के मुताबिक पकड़े जाने के बाद सभी विदेशी नागरिकों को एफआरआरओ (Foreigners Regional Registration Office) के सामने पेश किया गया। दस्तावेजों की कमी और अवैध रूप से भारत में रहने के कारण एफआरआरओ ने इनके डिपोर्टेशन के आदेश जारी कर दिए। इसके बाद इन्हें डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया।
पकड़े गए नागरिकों के नाम
Delhi news: पुलिस ने जिन नाइजीरियाई नागरिकों को पकड़ा है, उनमें मैथ्यू चिकवाडो ओनुवा, पॉल ओन्येकाची एकवेंज़े, आयुगुहझ एल्विस, क्रिस्टोफर उचेचुकवु कालू और जॉन न्नामदी ओकाफोर शामिल हैं। दिल्ली पुलिस का कहना है कि अवैध रूप से रहने वाले विदेशी नागरिकों और संसाधनों का गलत इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
यह भी पढे़: धरती का स्वर्ग कश्मीर में गर्मी और सूखे की मार, मार्च में ही बढ़ा पारा






