UPSC 301 Controversy: UPSC सिविल सर्विस परीक्षा 2025 के फाइनल रिजल्ट में एक अनोखा विवाद सामने आया है। आयोग की मेरिट लिस्ट में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 301 पर आकांक्षा सिंह का नाम दर्ज है, लेकिन इस रैंक पर उत्तर प्रदेश और बिहार की दो अलग-अलग छात्राओं ने दावा किया है। दोनों का नाम आकांक्षा सिंह है, जिससे मामला और उलझ गया है।
एडमिट कार्ड में सामने आई गड़बड़ी
मामले की जांच में सामने आया कि गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) की आकांक्षा सिंह के इंटरव्यू कॉल लेटर पर रोल नंबर 0856794 दर्ज है। इस एडमिट कार्ड पर मौजूद QR कोड स्कैन करने पर भी वही रोल नंबर दिखाई देता है। दूसरी ओर बिहार के भोजपुर जिले के आरा की रहने वाली आकांक्षा सिंह ने अपना प्रीलिम्स एडमिट कार्ड दिखाया। उस पर भी रोल नंबर 0856794 लिखा है, लेकिन QR कोड स्कैन करने पर 085659 नंबर दिखाई देता है। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि या तो एडमिट कार्ड जारी करने में तकनीकी गलती हुई है, या फिर एडमिट कार्ड में छेड़छाड़ की गई है। इस मामले पर अभी तक UPSC की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
UPSC 301 Controversy: गाजीपुर की आकांक्षा बोलीं- रिजल्ट मेरा
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर की रहने वाली आकांक्षा सिंह ने दावा किया कि उन्होंने इसी रोल नंबर से अगस्त 2025 में मेंस परीक्षा दी थी और 4 फरवरी 2026 को इंटरव्यू दिया था। उन्होंने कहा कि UPSC की वेबसाइट पर दर्ज जानकारी के अनुसार यह रिजल्ट उन्हीं का है। उनका कहना है कि यदि दूसरी आकांक्षा भी दावा कर रही हैं, तो उन्हें अपने दस्तावेजों के साथ सामने आना चाहिए।

UPSC 301 Controversy: बिहार की आकांक्षा का शैक्षणिक सफर
बिहार की आकांक्षा सिंह भोजपुर जिले के अगिआंव प्रखंड के खोपीरा गांव की रहने वाली हैं। उनका परिवार फिलहाल आरा शहर के कतीरा मोहल्ले में रहता है।
-
प्रारंभिक शिक्षा: कैथोलिक मिशन स्कूल, आरा
-
2017 में मैट्रिक: 80% अंक
-
2019 में इंटरमीडिएट (विज्ञान): 81% अंक
-
2022 में इंग्लिश से ग्रेजुएशन: 64% अंक
आकांक्षा ने बताया कि उन्होंने सीमित संसाधनों में रहकर कड़ी मेहनत से पढ़ाई की है। उनके पिता कुमार इंदु भूषण सिंह किसान हैं, जबकि मां रिंकू देवी गृहिणी हैं।
UPSC ने जारी किया फाइनल रिजल्ट
UPSC ने सिविल सर्विस परीक्षा 2025 का फाइनल परिणाम जारी कर दिया है। इस साल राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा निवासी अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की है।
कुल 958 उम्मीदवारों का चयन विभिन्न सेवाओं के लिए हुआ है, जिनमें:
-
IAS के लिए 180 उम्मीदवार
-
IFS के लिए 55 उम्मीदवार
-
IPS के लिए 150 उम्मीदवार
शेष उम्मीदवार अन्य केंद्रीय सेवाओं के लिए चुने गए हैं। इस साल के टॉप-10 में तीन लड़कियां भी शामिल हैं।
यह भी पढे़ : यूपी डिप्टी CM केशव मौर्य के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग: उड़ान के दौरान धुआं भरा, सभी सुरक्षित






