Delhi News: देश की राजधानी के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन हुई तरुण नामक युवक की बेरहमी से हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने इस केस की मुख्य सूत्रधार सायरा और उसके साथ दो अन्य महिलाओं, शरीफ और सलमा को हिरासत में ले लिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद ये तीनों महिलाएं ख्याला इलाके में छिपकर रह रही थीं।
Delhi News: ख्याला से हुई गिरफ्तारी, जांच तेज
द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने जानकारी दी कि ताजा कार्रवाई में कुल 8 और लोगों को पकड़ा गया है, जिनमें 7 बालिग और एक नाबालिग शामिल है। पकड़ी गई महिलाओं में सायरा वही महिला है, जिस पर विवाद की शुरुआत करने और भीड़ को उकसाने का मुख्य आरोप है। पुलिस अब तक इस सनसनीखेज हत्याकांड में कुल 14 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और दो अन्य को हिरासत में लिया गया है।
Delhi News: एक गुब्बारे कैसे ले ली तरुण की जान
यह दर्दनाक घटना उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी में होली वाले दिन घटी। बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार की 11 वर्षीय बच्ची अपनी छत से होली खेल रही थी। खेल-खेल में उससे एक पानी का गुब्बारा नीचे गिर गया, जिसके छींटे वहां से गुजर रही सायरा पर पड़ गए।
पीड़ित पक्ष का दावा है कि उन्होंने इस गलती के लिए तुरंत माफी भी मांग ली थी, लेकिन सायरा ने हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते उसने अपने परिजनों और अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया, जिसके बाद विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया।
तरुण पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला
आरोप है कि उग्र भीड़ ने 26 वर्षीय तरुण कुमार को चारों तरफ से घेर लिया। हमलावरों ने क्रिकेट बैट, लाठियों और पत्थरों से तरुण पर तब तक वार किए जब तक वह अधमरा नहीं हो गया। गंभीर हालत में तरुण को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान गुरुवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
इलाके में तनाव और प्रशासन का कड़ा एक्शन
तरुण की मौत के बाद शुक्रवार को उत्तम नगर में भारी तनाव फैल गया। हिंदू संगठनों ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर चक्का जाम कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है।
बुलडोजर कार्रवाई: रविवार को पुलिस और प्रशासन ने मामले की मुख्य आरोपी के घर को बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया।
सुरक्षा व्यवस्था: इलाके में शांति बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है और पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ जारी है और आने वाले दिनों में कुछ और गिरफ्तारियां संभव हैं।
यह भी पढ़ें…55 साल के कलयुगी पिता की 7वीं शादी रुकने थाने पहुंचा नाबालिग बेटा, दरोग़ा से लगाई गुहार








