Uttam Nagar: दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन हुई एक हिंसक घटना में 26 वर्षीय युवक तरुण कुमार की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पड़ोसियों के साथ हुए विवाद के बाद तरुण को बुरी तरह पीटा गया, जिससे उसकी जान चली गई। इस घटना की शुरुआत कथित तौर पर पानी से भरे गुब्बारे को लेकर हुए विवाद से हुई थी। घटना के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है और इस पर भारत के पूर्व क्रिकेटर Shikhar Dhawan ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस घटना पर दुख जताया और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।
शिखर धवन ने जताया दुख
शिखर धवन ने अपने पोस्ट में लिखा कि उत्तम नगर में तरुण कुमार की दुखद मौत ने उन्हें झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद है कि होली जैसे त्योहार के दौरान एक बच्चे द्वारा पानी का गुब्बारा फेंकने जैसी छोटी सी घटना इतनी बड़ी हिंसा में बदल सकती है। धवन ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि इस मामले में दोषियों को सख्त सजा मिलेगी।
Deeply saddened by the tragic loss of Tarun Kumar in Uttam Nagar. It’s heartbreaking that something as small as a child throwing a water balloon during Holi could escalate into such violence. Humanity should never fall to this level. Prayers for his family and hope the culprits…
— Shikhar Dhawan (@SDhawan25) March 9, 2026
Uttam Nagar: कैसे शुरू हुआ था विवाद?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 4 मार्च को होली के दिन तरुण का परिवार घर पर रंग-गुलाल से त्योहार मना रहा था, जबकि तरुण उस समय होली पार्टी के लिए बाहर गया हुआ था। इसी दौरान परिवार की एक छोटी बच्ची ने गलती से पानी से भरा गुब्बारा पड़ोस में रहने वाली एक महिला की ओर फेंक दिया, जिससे उस पर थोड़ा पानी गिर गया। बताया जाता है कि इसी बात को लेकर पड़ोसी परिवार ने आपत्ति जताई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि पड़ोसी परिवार के लोगों ने गुस्से में आकर तरुण के परिवार पर लाठी, बल्ले और हॉकी स्टिक से हमला कर दिया। इसी बीच जब तरुण होली पार्टी से घर लौटा, तो उसे भी पकड़कर पीटा गया और उस पर पत्थरों से हमला किया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल तरुण को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल, घटना के बाद से ही इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।







