Hemant Khandelwal: मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की बेटी सुरभि खंडेलवाल (34) का हार्ट अटैक से निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थीं। बुधवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिवार, राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
अचानक बिगड़ी तबीयत, हार्ट अटैक से मौत
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से सुरभि खंडेलवाल के निधन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे उनकी नियमित फिजियोथेरेपी हुई थी। इसके कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। डॉक्टरों को दिखाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन दोपहर करीब 12 बजे उन्हें हार्ट अटैक आया और उनकी मृत्यु हो गई।
Hemant Khandelwal: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जताया शोक
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी सुरभि खंडेलवाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि बीमारी के कारण सुरभि का निधन अत्यंत पीड़ादायक है और इस दुख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। चिकित्सकों के अनुसार सुरभि के शरीर में लंबे समय से अकड़न की समस्या थी और उनका इलाज एक्यूपंक्चर व नेचुरोपैथी से किया जा रहा था। इलाज के बाद उनकी हालत में कुछ सुधार भी देखा गया था।
.@BJP4MP के माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री @Hkhandelwal1964 जी की सुपुत्री सुरभि खंडेलवाल का बीमारी के कारण निधन अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत को शांति तथा परिजनों को संबल…
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) March 11, 2026
शाम को हुआ अंतिम संस्कार
बेटी के निधन की खबर मिलते ही हेमंत खंडेलवाल भोपाल से तुरंत बैतूल पहुंचे। शाम करीब 5 बजे बैतूल गंज स्थित उनके निवास से अंतिम यात्रा निकाली गई। इसके बाद कोठी बाजार मोक्षधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और परिचितों ने पहुंचकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
ये भी पढ़ें…होर्मुज स्ट्रेट में ईरान का मालवाहक जहाज पर हमला, संकट में तेल सप्लाइ







