Home » उत्तर प्रदेश » बदायूं में क्यों की गई हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 2 अफसरों की हत्या? हुआ बड़ा खुलासा…

बदायूं में क्यों की गई हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 2 अफसरों की हत्या? हुआ बड़ा खुलासा…

Badaun HPCL officers murder

UP News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्लांट में दो अधिकारियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मृतकों की पहचान डिप्टी जनरल मैनेजर (DGM) सुधीर गुप्ता (55) और असिस्टेंट मैनेजर सेल्स हर्षित मिश्रा (40) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, हत्या का आरोप ठेकेदार अजय प्रताप सिंह उर्फ रामू सिंह पर है। अजय प्लांट में पराली वेंडर के तौर पर काम करता था। करीब तीन महीने पहले उसकी फर्म को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया था, जिसके बाद से वह नाराज बताया जा रहा था।

ऑटोमैटिक गन से की ताबड़तोड़ फायरिंग

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे अजय प्रताप सिंह बोलेरो गाड़ी से प्लांट पहुंचा। गाड़ी में उसके साथ कुल छह लोग मौजूद थे, जिनमें चार प्लांट कर्मचारी और एक ड्राइवर शामिल था। कर्मचारियों की शिफ्ट दोपहर 2 बजे से शुरू होनी थी। बताया जा रहा है कि प्लांट में एंट्री के दौरान बोलेरो की जांच नहीं की गई। इसी का फायदा उठाकर अजय ऑटोमैटिक गन लेकर अंदर पहुंच गया और सुधीर गुप्ता व हर्षित मिश्रा पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से दोनों अधिकारियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद प्लांट में एंट्री तुरंत बंद कर दी गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। डीआईजी अजय साहनी भी घटनास्थल पर पहुंचे और प्लांट स्टाफ से पूछताछ की। 

UP News: जबरन प्लांट में घुसकर की फायरिंग

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब एक बजे सैंजनी गांव निवासी अजय प्रताप सिंह कुछ लोगों के साथ जबरन हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्लांट परिसर में घुस आया। बताया जा रहा है कि अंदर पहुंचते ही उसने अधिकारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। मौके पर मौजूद डिप्टी जनरल मैनेजर (DGM) सुधीर गुप्ता और असिस्टेंट मैनेजर सेल्स हर्षित मिश्रा ने इसका विरोध किया। इसी दौरान अजय ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। ताबड़तोड़ गोलीबारी में दोनों अधिकारियों को गोली लग गई और वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

वहीं इस मामले में एसएसपी डॉ ब्रजेश सिंह का कहना है कि HPCL प्लांट में ऑफिसर्स मीटिंग कर रहे थे। इस बीच प्लांट का पूर्व वेंडर आता है और फायरिंग करने लगता है। जिसके बाद सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस तत्काल घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचती है। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया जाता है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।