LPG Crisis: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। एक तरफ जहां कई इलाकों में उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग अवैध तरीके से सिलेंडरों का स्टॉक कर मुनाफाखोरी में लगे हैं। प्रशासन ने ऐसी ही एक शिकायत पर कार्रवाई करते हुए 32 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं।
घनी आबादी में छिपा रखा था सिलेंडरों का जखीरा
यह कार्रवाई थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के गांव असौड़ा में की गई। पुलिस और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार देर रात एक घर पर छापेमारी की, जहां से 18 भरे हुए और 14 खाली सिलेंडर बरामद हुए। ये सभी सिलेंडर बिना किसी वैध अनुमति के जमा किए गए थे। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी रिहान अहमद ने अपने निजी घर में ही सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर रखा था। घनी आबादी के बीच इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर रखना न केवल कालाबाजारी का मामला है, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी बड़ा खतरा माना जा रहा है।
LPG Crisis: सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
जिला पूर्ति अधिकारी सीमा बालियान ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में अवैध गैस भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान गुरुवार रात करीब 9 बजे सूचना मिली कि असौड़ा गांव के फूटा कुआं स्थित पंचायती घर के पास एक मकान में गैस सिलेंडरों का अवैध स्टॉक किया गया है। सूचना मिलने के बाद पूर्ति निरीक्षक प्रीति और थाना हापुड़ देहात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर के अंदर बड़ी संख्या में सिलेंडर बरामद हुए। जांच में सामने आया कि आरोपी गांव के लोगों को बाजार भाव से अधिक कीमत पर सिलेंडर बेच रहा था। वह प्रति सिलेंडर करीब 30 रुपये अतिरिक्त लेकर अवैध मुनाफा कमा रहा था। अधिकारियों का कहना ये भी है कि इस तरह की कालाबाजारी के कारण आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पाते और कृत्रिम किल्लत पैदा हो जाती है।
आरोपी के खिलाफ दर्ज हुई FIR
घटना के बाद पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर थाना देहात कोतवाली में आरोपी रिहान अहमद के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और बरामद सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी सीमा बालियान ने बताया कि जिले में घरेलू गैस, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। लोगों को किसी भी बिचौलिये से सिलेंडर लेने की जरूरत नहीं है। उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग के जरिए सीधे गैस एजेंसी से सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध गैस भंडारण और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
ये भी पढ़े… दिल्ली में लोगों को अब देना होगा बिजली बिल? ‘जीरो’ वालों को तगड़ा झटका, जानें सरकार का नया प्लान…







