Rahul Gandhi On DU: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया बयान पर दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) ने कड़ी आपत्ति जताई है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि छात्रों के प्रवेश और शिक्षकों की भर्ती को लेकर जो बातें कही गई हैं, वे तथ्यों पर आधारित नहीं हैं। DU ने स्पष्ट किया कि किसी भी बड़े शैक्षणिक संस्थान पर सार्वजनिक टिप्पणी करने से पहले सही जानकारी लेना जरूरी होता है।
CUET के आधार पर होता है छात्रों का प्रवेश
दिल्ली यूनिवर्सिटी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि विश्वविद्यालय में छात्रों का दाखिला मुख्य रूप से कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET) के अंकों के आधार पर होता है। अधिकांश स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए इंटरव्यू की आवश्यकता नहीं होती।यूनिवर्सिटी के अनुसार यह कहना सही नहीं है कि इंटरव्यू के जरिए छात्रों को बाहर किया जाता है। प्रवेश प्रक्रिया तय नियमों और पारदर्शी व्यवस्था के तहत संचालित होती है।
Rahul Gandhi On DU: शिक्षकों की भर्ती पर भी दिया स्पष्टीकरण
DU ने यह भी कहा कि अगर बयान शिक्षकों या अन्य पदों की भर्ती को लेकर दिया गया था, तो वह भी तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है। विश्वविद्यालय के मुताबिक पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न श्रेणियों में हजारों शिक्षकों की नियुक्ति की गई है।इन भर्तियों में सभी वर्गों को अवसर दिया गया है और पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों और मानकों के अनुसार पारदर्शी तरीके से की जाती है।
Rahul Gandhi On DU: बिना जानकारी के बयान से फैल सकती है गलतफहमी
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि बिना पूरी जानकारी के दिए गए बयान से छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। इससे संस्थान के शैक्षणिक माहौल पर भी असर पड़ सकता है। इसलिए किसी भी संस्थान के बारे में टिप्पणी करने से पहले तथ्यों की सही जांच जरूरी है।
राहुल गांधी ने क्या कहा था
दरअसल, राहुल गांधी ने हाल ही में कांशीराम जयंती के एक कार्यक्रम में दिल्ली यूनिवर्सिटी का जिक्र करते हुए आरोप लगाया था कि इंटरव्यू के जरिए छात्रों को बाहर किया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ मामलों में जाति के आधार पर छात्रों को इंटरव्यू में फेल किया जाता है।राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि अगर आरएसएस और उससे जुड़े संगठनों की सूची देखी जाए तो वहां ओबीसी और एससी वर्ग के लोगों की भागीदारी कम दिखाई देती है, जो संविधान की भावना के खिलाफ है।
ये भी पढ़े: PM किसान योजना की किस्त अब तक नहीं आई? ऐसे चेक करें स्टेटस और तुरंत करें शिकायत







